फोटो गैलरी

Hindi Newsकांग्रेस, सपा के भ्रष्टाचारी मंत्रियों की चमड़ी मोटी है: मोदी

कांग्रेस, सपा के भ्रष्टाचारी मंत्रियों की चमड़ी मोटी है: मोदी

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आगरा में आयोजित विशाल रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को विघटनकारी पार्टी करार देते...

कांग्रेस, सपा के भ्रष्टाचारी मंत्रियों की चमड़ी मोटी है: मोदी
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 22 Nov 2013 01:00 AM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आगरा में आयोजित विशाल रैली में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को विघटनकारी पार्टी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस के पाप से ही सपा और बसपा पैदा हुईं।

उन्होंने कहा कि सपा और बसपा जैसी पार्टियों ने कांग्रेस के चरित्र को चुराया और उसमें अपना रंग भी भर दिया। हैरत की बात है कि अब इन तीनों में ही स्पर्द्धा चल रही है। मोदी ने आगरा की जनता को लुभाने के लिए यहां के बदहाल पर्यटन, एयरपोर्ट, पानी और आलू के मुद्दे को भी उठाया।

मोदी ने पानी और आलू पर गुजरात के मॉडल पेश किए। उन्होंने भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए और जनता से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा के भ्रष्टाचारी मंत्रियों की चमड़ी मोटी हो गई है। उन्होंने सलमान खुर्शीद का नाम लिए बिना एनजीओ भ्रष्टाचार से जुड़े मामले का जिक्र किया।
 
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने वोट बैंक, जोड़तोड़ और विघटन की राजनीति की है। उनके अनुसार कांग्रेस आजादी के समय से ही बांटो और राज करो की नीति अपनाती आ रही है। मोदी ने अखिलेश यादव सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में सपा प्रमुख के खासमखास लोगों के यहां 24 घंटे बिजली चल रही है, मगर आम जनता को यह नसीब नहीं।
 
मोदी ने कहा कि प्रदेश के बीस हजार मेगावाट से ज्यादा बिजली उत्पादन वाले कारखाने बंद पड़े हैं, क्योंकि उन्हें कोयला उपलब्ध नहीं है, क्योंकि कोयला सरकार खा गई है और सुप्रीम कोर्ट ने जब पूछा तो बताया गया कि फाइलें खो गई हैं।
 
मोदी ने कहा कि हमने गुजरात में पानी की इतनी बड़ी पाइप लाइन बनाई, जिसमें अखिलेश यादव परिवार समेत कार से यात्रा कर सकते हैं।

इससे पहले भाषण देते हुए भाजपा नेता विनय कटियार ने कहा कि वास्तव में आजम खां को बर्खास्त करके जेल में डाल देना चाहिए। उधर, कल्याण सिंह ने कहा कि हम हफ्तेभर में ही दंगाइयों को तोड़ना जानते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगरा रैली के बाद भाजपा का भाग्योदय होगा और इसलिए परेशान कांग्रेसी ओछे हथकंडे अपना रहे हैं।

इससे पहले दोपहर ढाई बजे नरेंद्र मोदी चार्टर प्लेन से सिविल एयरपोर्ट पहुंचे, उनकी अगवानी के लिए तमाम बड़े भाजपा नेता वहां पर मौजूद थे। मोदी के आने से पहले ही कोठी मीना बाजार मैदान तकरीबन भर चुका है।

मोदी के मंच पर भाजपा विधायक संगीत सोम और सुरेश राणा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ.लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने सम्मानित किया। और तीसरे सम्मानित होने वाले डॉ.संजीव बालियान नहीं आ पाए थे, उनकी जगह मुजफ्फरनगर के दुर्जन सिंह को सम्मानित किया गया।
 
खबर यह भी है कि फतेहपुर सीकरी से रैली में हिस्सा लेने आ रहीं 40 से ज्यादा बसों के काफिले को पथौली नहर के पास पुलिस ने रोक लिया था।

आगर की इस चुनावी रैली में मंच पर अमित शाह, लक्ष्मीकांत वाजपेयी, लालजी टंडन, रमापतिराम त्रिपाठी, राजनाथ सिंह, स्वतंत्र देव सिंह, कल्याण सिंह, विनय कटियार, सूर्यप्रताप शाही समेत राज्य के सभी बड़े नेता मौजूद थे।

आगरा और अलीगढ़ मंडल के विभिन्न जिलों के भाजपा कार्यकर्ताओं की बसों का सुबह से ही आना शुरू हो गया था। शहर में यातायात व्यवस्था के लिए 11 जगह पार्किंग स्थल बनाए गए थे। दिल्ली, कानपुर और ग्वालियर हाइवे पर बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। शहरभर के स्कूलों की आज जल्दी छुट्टी कर दी गई थी, क्योंकि वैन, आटो और अन्य निजी वाहन नहीं चल रहे थे।

भाजपा द्वारा रैली में 40 विधानसभा क्षेत्रों और आठ लोकसभा क्षेत्रों से लोगों के रैली में शामिल होने का दावा किया जा रहा है। रैली के लिए तैयारियों को बुधवार देर रात तक अंतिम रूप दिया गया था। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी रात भर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निर्देश देते रहे। उधर, रैली को देखते हुए दिल्ली और कानपुर से आने वाले वाहनों के लिए यातायात मार्ग में बदलाव किया गया था।

प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि रैली में बैठने के लिए मैदान को 16 ब्लॉक में बांटा गया था। हर ब्लॉक में सुरक्षाकर्मियों के साथ पार्टी कार्यकर्ता तैनात किए गए थे। भीड़ के लिए पेयजल का इंतजाम ब्लॉक के अंदर ही किया गया था।

प्रदेश अध्यक्ष ने इससे पहले कहा था कि पार्टी ने प्रशासन और पुलिस से अनुरोध किया है कि रैली में आने वालों को सुरक्षा के नाम पर न रोका जाए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें