फोटो गैलरी

Hindi Newsमुकेश अंबानी हैं सबसे अमीर भारतीय

मुकेश अंबानी हैं सबसे अमीर भारतीय

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पास देश के सबसे धनी व्यक्ति का तमगा बरकरार है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 18.9 अरब डॉलर की निजी परिसंपत्तियों के साथ अंबानी भारतीय अमीरों की सूची में शीर्ष पर...

मुकेश अंबानी हैं सबसे अमीर भारतीय
एजेंसीThu, 24 Oct 2013 05:57 PM
ऐप पर पढ़ें

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के पास देश के सबसे धनी व्यक्ति का तमगा बरकरार है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 18.9 अरब डॉलर की निजी परिसंपत्तियों के साथ अंबानी भारतीय अमीरों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं।

चीन की हुरन इंडिया रिच लिस्ट के अनुसार अंबानी लगातार दूसरे साल इस सूची में शीर्ष पर रहे हैं, हालांकि इस दौरान उनकी परिसंपत्तियों में दो फीसदी की गिरावट आई है। मुकेश अंबानी के बाद इस सूची में प्रवासी भारतीय उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल का स्थान है।

साल के दौरान मित्तल की परिसंपत्तियों में छह प्रतिशत की गिरावट आई है। 15.9 अरब डॉलर की परिसंपत्तियों के साथ वह भारतीय अमीरों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। सन फार्मास्युटिकल्स के संस्थापक दिलीप सांघवी पहली बार सूची ममें पहले तीन स्थानों पर जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। साल के दौरान उनकी परिसंपत्तियों में 66 फीसदी का इजाफा हुआ।

शीर्ष दस की सूची में शामिल अन्य उद्योगपतियों में 12 अरब डॉलर की परिसंपत्तियों के साथ विप्रो के अजीम प्रेमजी चौथे स्थान पर हैं। उनके बाद एचसीएल टेक्नोलाजी के शिव नडार पांचवे (8.6 अरब डॉलर), ग्रासिम इंडस्ट्रीज के कुमार मंगलम बिड़ला छठे (8.4 अरब डॉलर), गोदरेज समूह के आदि गोदरेज सातवें (8.1 अरब डॉलर) शामिल हैं।

शीर्ष 10 अरबपतियों की सूची में शापुरजी पल्लोनजी के पल्लोनजी मिस्त्री 8 अरब डॉलर की परिसंपत्तियों के साथ आठवें, एस्सार एनर्जी के शशि और रवि रुइया नौवें (7.6 अरब डॉलर) तथा भारती एयरटेल के सुनील मित्तल दसवें (7.3 अरब डॉलर) स्थान पर हैं।

अनिल धीरूभाई अंबानी समूह के अनिल अंबानी 7.1 अरब डॉलर की परिसंपत्तियों के साथ 11वें स्थान पर हैं। रेड चिलीज इंटरटेनमेंट का गठन करने वाले बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान 40 करोड़ डॉलर की निजी परिसंपत्तियों के साथ सूची में 114वें स्थान पर हैं। अमीर भारतीयों की सूची में पुरुषों का वर्चस्व है। सूची में सिर्फ 4 फीसदी महिलाएं हैं।

ओपी जिंदल समूह की गैर कार्यकारी चेयरमैन सावित्री जिंदल सबसे अमीर महिला हैं। उनकी निजी परिसंपत्तियां 5.1 अरब डॉलर आंकी गई हैं। इस बार सूची में शामिल होने की न्यूनतम सीमा 30 करोड़ डॉलर रखी गई थी। यह 18 अक्टूबर, 2013 की स्थिति के अनुसार था, जिस दिन डॉलर के मुकाबले रुपया 61.5 प्रति डॉलर पर था। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें