फोटो गैलरी

Hindi Newsभारतरूस ने ब्रिक्स की भूमिका को सराहा

भारत-रूस ने ब्रिक्स की भूमिका को सराहा

भारत और रूस ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती तथा सतत वृद्धि के लिये वैश्विक प्रयासों के तहत ब्रिक्स देशों द्वारा निभाई गई भूमिका की सोमवार को सराहना की और साथ ही यूरेशिया क्षेत्र में शांति और विकास...

भारत-रूस ने ब्रिक्स की भूमिका को सराहा
एजेंसीMon, 21 Oct 2013 11:24 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत और रूस ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती तथा सतत वृद्धि के लिये वैश्विक प्रयासों के तहत ब्रिक्स देशों द्वारा निभाई गई भूमिका की सोमवार को सराहना की और साथ ही यूरेशिया क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिये शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के योगदान को रेखांकित किया।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह तथा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान के अनुसार मार्च में दक्षिण अफ्रीका में संपन्न ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के नतीजों को लेकर दोनों देशों का नजरिया सकारात्मक है। साथ ही दोनों नेताओं ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की मजबूती तथा सतत एवं संतुलित वृद्धि के लिये वैश्विक प्रयासों के तहत ब्रिक्स देशों द्वारा निभाई गई भूमिका की सराहना की।

ब्रिक्स के सदस्य देश ब्राजील, रूस, भारत, चीन तथा दक्षिण अफ्रीका हैं। ये पांचों जी-20 के सदस्य देश हैं। बयान के अनुसार भारत और रूस ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति और आर्थिक मुद्दों पर ब्रिक्स को रणनीतिक रूप से और मजबूत बनाने का समर्थन किया।

साथ ही दोनों देशों ने ब्रिक्स के अंदर सभी पहलुओं पर बहुपक्षीय सहयोग के साथ उसके सदस्य देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने की अहमियत पर जोर दिया। भारत ने ब्रिक्स के सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय आर्थिक सहयोग की रणनीति के विकास के प्रस्ताव पर विचार करने को लेकर सहमति जताई।

दोनों देशों ने कहा कि ब्राजील में होने वाली ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से अंतरराष्ट्रीय मंच पर संगठन की भूमिका को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। रूस ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में एक पर्यवेक्षक के रूप में भारत की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। साथ ही एससीओ में पूर्ण सदस्य के लिये समर्थन देने की बात दोहराई।

दोनों देशों ने यूरेशिया क्षेत्र में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिये शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के योगदान को रेखांकित किया। एससीओ एक राजनीतिक, आर्थिक तथा सैन्य संगठन हैं। चीन, कजाखस्तान,
किर्गिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान तथा उज्बेकिस्तान ने 2001 में इसका गठन किया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें