फोटो गैलरी

Hindi Newsविकास का मतलब होता है इज्जत: राहुल गांधी

विकास का मतलब होता है इज्जत: राहुल गांधी

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास को लेकर उसके वादे खोखले साबित हुए हैं। आदिवासी बहुल लालपुर में आज कांग्रेस की सत्ता परिवर्तन रैली को...

विकास का मतलब होता है इज्जत: राहुल गांधी
एजेंसीFri, 18 Oct 2013 01:03 AM
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि विकास को लेकर उसके वादे खोखले साबित हुए हैं। आदिवासी बहुल लालपुर में आज कांग्रेस की सत्ता परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि ये लोग विकास की बात करते हैं। लेकिन मेरी नजर में आदिवासियों की इज्जत सबसे बड़ी बात है और यह राजनीति की बात नहीं है। इस प्रदेश में विकास को लेकर सरकार के सभी वायदे खोखले साबित हुए हैं।
    
प्रदेश में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हमें मध्य प्रदेश को बदलना है, यह प्रदेश अटका हुआ है। इसे आगे ले जाना आपके हाथ में है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों का उनसे पारिवारिक रिश्ता है, राजनीतिक नहीं। हमारा आपस में प्यार और दिल का रिश्ता है।
    
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने वायदा किया कि यहां कांग्रेस की सरकार आएगी, तो आपकी इज्जत करेगी। कांग्रेस की सरकार होगी और वह आदिवासियों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और दलित की इज्जत करेगी, जो ऐसा नहीं करेगा, तो उसे हम देखेंगे।
    
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह आम आदमी, आदिवासियों, गरीबों और दलित को संसद, विधानसभाओं और पंचायतों में नहीं देखना चाहती। इससे देश का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभाओं में आदिवासियों की संख्या बहुत कम है और यह इस देश में बहुत बड़ी कमी है। हम आने वाले समय में इसे बदलना चाहते हैं, जब तक आदिवासियों की आवाज लोकसभा और विधानसभाओं में नहीं पहुंचेगी, तब तक आपकी तस्वीर नहीं बदलेगी।

गांधी ने आमसभा में मौजूद आदिवासियों से पूछा कि क्या प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार ने आपकी इज्जत की है। यहां तो केवल भ्रष्टाचार हुआ है, बलात्कार हुआ है और यहां भूख का बोलबाला है।
    
उन्होंने यूनीसेफ की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में भूख की स्थिति अफ्रीका जैसी है। जब कोई भूखा रहता है, तो विकास की बात तो शुरू ही नहीं होती है। भाजपा सरकार के विकास का पैमाना सड़कें हैं, एक तरफ सड़क बना दो और दूसरी ओर आदिवासी को खड़ा कर वहां से चमकती हुई गाड़ियां निकालो। क्या यही इनका विकास है।
    
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि वह नए प्रकार की राजनीति करना चाहते हैं, जिसमें नेता, आम आदमी के पास जाए, उसके साथ खाना खाए। आम आदमी लोकसभा और विधानसभाओं में दिखे और देश-प्रदेश के विकास का सपना पूरा करे। उन्होंने आंकड़ों की बात करते हुए कहा कि राजग की पूर्व सरकार के कार्यकाल में देश में 2650 किलोमीटर सड़कें बनाई गई और संप्रग सरकार के पांच साल में 9570 किलोमीटर सड़के बनीं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस क्षेत्र में आकर विरसिंहपुर, चचई आदि में 1350 मेगावाट बिजली देने वाली परियोजनाओं की बात की, लेकिन क्या आपको बिजली मिली, यहां तो काम ही शुरू नहीं हुआ।
    
केन्द्रीय उर्जा राज्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की चुनाव प्रचार समिति अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि उसने पिछले विधानसभा चुनाव में जितनी भी आदिवासी सीटें जीती, वहां कोई विकास नहीं हुआ। सभा को केन्द्रीय संसदीय कार्य मंत्री कमलनाथ एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद कांतिलाल भूरिया ने भी संबोधित किया।
    
इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अजय सिंह राहुल एवं वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी भी उपस्थित थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें