फोटो गैलरी

Hindi Newsप्रियंका देशभर में नहीं करेंगी प्रचारः माकन

प्रियंका देशभर में नहीं करेंगी प्रचारः माकन

2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रचार करने की खबरों का कांग्रेस ने खंडन किया है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने आज...

प्रियंका देशभर में नहीं करेंगी प्रचारः माकन
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 14 Oct 2013 10:25 PM
ऐप पर पढ़ें

2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रचार करने की खबरों का कांग्रेस ने खंडन किया है। कांग्रेस नेता अजय माकन ने आज यह जानकारी दी।

अजय माकन ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कुछ समाचार चैनलों की इन अटकलों की आलोचना की। माकन ने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में कल एक मंदिर में मची भगदड़ में 115 लोगों के मारे जाने की घटना से लोगों का ध्यान हटाने के लिए भाजपा इस तरह का दुष्प्रचार फैला रही है।
   
उन्होंने कहा कि कल की त्रासदी में 100 से अधिक लोगों की जान गई है। सारा देश इस बात को देख रहा है कि मध्यप्रदेश सरकार ऐसे मौके के लिए उचित पुलिस व्यवस्था तक प्रदान नहीं करा पाई। यह (प्रियंका संबंधी खबर) प्रयास मध्यप्रदेश सरकार की इस विफलता से जनता का ध्यान बंटाने के लिए किया गया है।
   
माकन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उन सभी लोगों और समाचार चैनलों की निंदा करती है जो ऐसा कर रहे हैं। प्रियंका गांधी के भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध प्रचार करने की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के अन्य नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि कांग्रेस में हर किसी को संप्रग-2 सरकार की सकारात्मक बातों को जनता तक पंहुचाने का कार्य सुनिश्चित करना चाहिए।

इससे पहले खबरें थीं कि कांग्रेस ने लोक‌सभा चुनाव के दौरान देशभर में पार्टी के प्रचार के लिए प्रियंका गांधी वाड्रा को मैदान में उतारने का फैसला किया है। बताया जा रहा था कि प्रियंका को मोदी के काट के तौर पर पेश किया जाएगा। प्रियंका अभी तक अमेठी और रायबरेली में ही पार्टी का चुनाव अभियान संभालती रही हैं।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इसपर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस किसे चुनाव प्रचार में उतारती है, यह उसका अपना मामला है। उन्होंने कहा कि इस समय देश में असली लड़ाई मुद्दों की है।

नकवी ने कहा कि कांग्रेस के कुशासन और भ्रष्टाचार के सामने नरेंद्र मोदी एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरे हैं। अब उनके सामने राहुल गांधी आएं या प्रियंका, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा कुनबा भी मोदी के सामने नहीं टिक सकता।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें