पिता-पुत्र की सुपरहिट जोड़ी मचाती है धमाल
बॉलीवुड में पिता-पुत्र की जोड़ी वाली फिल्में सिल्वर स्क्रीन पर हमेशा से ही धमाल मचाती रही है और इसी सीरीज की नवीनतम कड़ी में बेशरम का नाम भी शमिल होने जा रहा है। अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी बेशरम...
बॉलीवुड में पिता-पुत्र की जोड़ी वाली फिल्में सिल्वर स्क्रीन पर हमेशा से ही धमाल मचाती रही है और इसी सीरीज की नवीनतम कड़ी में बेशरम का नाम भी शमिल होने जा रहा है।
अभिनव कश्यप के निर्देशन में बनी बेशरम में बॉलीवुड के रॉकस्टार रणबीर कपूर अपने पिता ऋषि कपूर के साथ एक धमाल मचाते नजर आयेंगे। रणबीर ने अपने पिता के साथ पहली बार काम किया है। इस फिल्म में रणबीर की मां नीतू सिंह की भी अहम भूमिका है।
फिल्म इंडस्ट्री का इतिहास देखे तो पचास के दशक से ही पिता-पुत्र की जोड़ी सिल्वर स्क्रीन पर धमाल मचाती आयी है। वर्ष 1951 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म आवारा में पृथ्वीराज कपूर और राजकपूर में अपने अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
आवारा के बाद राजकपूर ने अपने पिता पृथ्वीराज कपूर के साथ वर्ष 1971 में प्रदर्शित सुपरहिट फिल्म कल आज और कल में भी काम किया था। इस फिल्म में राजकपूर के पुत्र रणधीर कपूर ने भी अभिनय किया था।