फोटो गैलरी

Hindi News14 साल बाद करगिल क्षेत्र में संघर्षविराम का उल्लंघन

14 साल बाद करगिल क्षेत्र में संघर्षविराम का उल्लंघन

1999 में करगिल युद्ध के बाद 14 वर्षों में पहली बार पाकिस्तानी सेना ने लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए करगिल सेक्टर के द्रास और काकसर इलाकों में छोटे तथा स्वचालित...

14 साल बाद करगिल क्षेत्र में संघर्षविराम का उल्लंघन
एजेंसीSat, 17 Aug 2013 09:32 AM
ऐप पर पढ़ें

1999 में करगिल युद्ध के बाद 14 वर्षों में पहली बार पाकिस्तानी सेना ने लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए करगिल सेक्टर के द्रास और काकसर इलाकों में छोटे तथा स्वचालित हथियारों से भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की है।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि सोमवार रात से चार दिनों में दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने करगिल क्षेत्र में संघर्ष विराम का दूसरी बार उल्लंघन करते हुए कल रात द्रास क्षेत्र की सांदो चौकी पर स्वचालित हथियारों से गोलाबारी की जिसके बाद भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पाकिस्तान ने करगिल क्षेत्र में दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन करने से पहले पिछले कुछ दिनों में कश्मीर और जम्मू डिविजनों में भी इसी प्रकार से संघर्षविराम का उल्लंघन किया था जिससे सीमा पर तनाव बढ़ गया है। भारत और पाकिस्तान के बीच 1999 में उस समय तनाव काफी बढ़ गया था और दोनों देश आमने सामने आ गए थे जब पाकिस्तानी जवानों ने करगिल में घुसपैठ की थी।

सूत्रों के अनुसार द्रास और करगिल के बीच स्थित काकसर में सोमवार रात संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने चेनीगुंड चौकी पर शुरुआत में छोटे हथियारों से और बाद में स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।

इस क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों का प्रभुत्व है और वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हैं तथा लददाख को कश्मीर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को निशाना बना सकते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें