फोटो गैलरी

Hindi Newsपीएम के उम्मीदवार के लिए BJP का विकल्प स्पष्ट: राजनाथ

पीएम के उम्मीदवार के लिए BJP का विकल्प स्पष्ट: राजनाथ

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह शुक्रवार को पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का पक्ष लेते प्रतीत हुए और कहा कि शीर्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार स्पष्ट...

पीएम के उम्मीदवार के लिए BJP का विकल्प स्पष्ट: राजनाथ
एजेंसीFri, 02 Aug 2013 11:17 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह शुक्रवार को पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का पक्ष लेते प्रतीत हुए और कहा कि शीर्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार स्पष्ट करने की बारी अब कांग्रेस की है।

मोदी का नाम लिए बगैर राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री पद के लिए उम्मीदवार का हमारा विकल्प स्पष्ट है और अब कांग्रेस की बारी है कि वह अपना विकल्प स्पष्ट करे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह निराधारा आरोप लगा रही है कि 2002 के गुजरात दंगों के कारण इंडियन मुजाहिद्दीन का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि यह हमारे नेता पर दोषारोपण करने के लिए नाटक है और जब कोई मुझसे इस पर टिप्पणी मांगता है तो मैं अक्सर कहता हूं कि इंडियन मुजाहिद्दीन का बायोडाटा कांग्रेस के पास है और यह हमारे पास नहीं है।

सिंह ने हिमाचल प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने नेताओं की विश्वसनीयता के संकट पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि इसकी वजह लोगों से किए गए वायदों को पूरा करने में राजनीतिक पार्टियों की नाकामी है।

राजनाथ सिंह ने संप्रग सरकार पर आरोप लगाया कि उसके कुशासन और विनाशकारी नीतियों के कारण देश दिवालियापन के कगार पर पहुंच गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सुनिश्चित करें कि 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा सत्ता में लौटे। भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि देश गंभीर संकट से गुजर रहा है और संप्रग के कमजोर और अयोग्य नेतृत्व के कारण न सिर्फ चीन जैसा बड़ा देश मनमाने ढंग से घुसपैठ कर रहा है बल्कि छोटे छोटे देश भी हमें धौंस दिखा रहे हैं।

सिंह ने दावा किया कि भाजपा नीत राजग लोगों के सामने एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कहा कि तीन प्रमुख राजनीतिक ताकतें भाजपा, कांग्रेस और कम्युनिस्ट हैं जिनमें भाजपा सांगठनिक रूप से सबसे मजबूत पार्टी है जिसका कभी विभाजन नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए राजनीति नहीं कर रहे हैं बल्कि हमारी राजनीति आम लोगों के लिए और समाजोन्मुखी है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता में रहें या नहीं, हम लोगों की सेवाओं के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने निराशाजनक प्रदर्शन करने के लिए संप्रग सरकार की खिंचाई की। सिंह ने रुपये की गिरती कीमत का भी जिक्र किया और सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना की।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें