फोटो गैलरी

Hindi Newsपाकिस्तान को सौंपा जाएगा सनाउल्लाह का शव: शिंदे

पाकिस्तान को सौंपा जाएगा सनाउल्लाह का शव: शिंदे

चंडीगढ़ के एक अस्पताल में आज दम तोड़ने वाले पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह का शव पाकिस्तान को सौंपा जाएगा। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि हम उसका शव पाकिस्तान को सौंप...

पाकिस्तान को सौंपा जाएगा सनाउल्लाह का शव: शिंदे
एजेंसीThu, 09 May 2013 01:30 PM
ऐप पर पढ़ें

चंडीगढ़ के एक अस्पताल में आज दम तोड़ने वाले पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह का शव पाकिस्तान को सौंपा जाएगा। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि हम उसका शव पाकिस्तान को सौंप देंगे।
    
शिंदे ने कहा कि विदेश मंत्रालय उसका शव उसके देश वापस भेजने के लिए औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों से बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि औपचारिकताएं पूरी होने के बाद हम शव सौंप देंगे।
    
सूत्रों ने कहा कि 52 वर्षीय सनाउल्लाह का विस्तत पोस्टमार्टम चंडीगढ में किया जाएगा और पाकिस्तान के आग्रह के अनुसार यात्रा व्यवस्थाएं की जाएंगी। सूत्रों ने कहा कि सरकार को सूचित किया गया है कि पाकिस्तान शव ले जाने के लिए विमान की व्यवस्था कर रहा है।
    
उन्होंने कहा कि अगर वह गैरसैन्य पंजीकृत विमान भेजते हैं, तो मंजूरी शीघ्रता से दी जाएगी। गौरतलब है कि आजीवन कारावास की सजा काट रहा दोषी आतंकवादी सनाउल्लाह जम्मू की कोट बलवाल जेल में एक अन्य कैदी से झगड़े में घायल हो गया था और उसे पिछले शुक्रवार को चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया था।
     
विदेश मंत्रालय के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि भारत सनाउल्लाह का शव उसके देश भेजने के पाकिस्तान के आग्रह के अनुसार व्यवस्था करेगा और जरूरी मदद उपलब्ध कराएगा।
     
उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी जेलों में दो भारतीयों की हत्या और सनाउल्लाह प्रकरण सहित इस तरह के मामलों को देखते हुए भारत ने एक प्रस्ताव दिया है, जिसके अनुसार दोनों देशों के अधिकारियों की बार-बार मुलाकात कराने और कैदियों के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने की एक न्यायिक समिति की सिफारिशों को आगे बढ़ाने का विचार दिया गया है।
     
प्रवक्ता ने कहा कि इस प्रस्ताव पर अभी पाकिस्तान के जवाब का इंतजार है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें