फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तर भारत में फैला स्वाइन फ्लू, 95 लोगों की मौत

उत्तर भारत में फैला स्वाइन फ्लू, 95 लोगों की मौत

उत्तर भारत में स्वाइन फ्लू काफी तेजी से फैल रहा है। कई राज्य इस जानलेवा बीमारी की चपेट में हैं। इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से मरने वालों की तादाद 95 तक पहुंच चुकी है। सबसे ज्यादा प्रभावित है राजस्थान,...

उत्तर भारत में फैला स्वाइन फ्लू, 95 लोगों की मौत
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 08 Feb 2013 01:02 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर भारत में स्वाइन फ्लू काफी तेजी से फैल रहा है। कई राज्य इस जानलेवा बीमारी की चपेट में हैं। इस साल अब तक स्वाइन फ्लू से मरने वालों की तादाद 95 तक पहुंच चुकी है।

सबसे ज्यादा प्रभावित है राजस्थान, जहां अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश भी स्वाइन फ्लू की चपेट में हैं। दिल्ली पर स्वाइन फ्लू का शिकंजा कसता जा रहा है। अब तक एनसीआर में इस खतरनाक बीमारी से चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि साठ मरीज़ अस्पताल में भर्ती हैं।

गुजरात में भी इस बीमारी से दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 13 लोग चपेट में है। बचाव इंतजाम के संबंध में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर एके वालिया ने बताया है कि सभी अस्पतालों को इस दिशा में तैयार रहने के निर्देश दे दिए गए हैं। अस्पताल में एक आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए भी कहा गया है।

चंडीगढ़ में एक डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ के 4 लोगों के फ्लू के संपर्क में आने की खबर भी है। लुधियाना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर जारी रिपोर्ट में बताया कि स्वाइन फ्लू से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य राजस्थान है और उसके बाद पंजाब और हरियाणा का नंबर है।

स्वाइन फ्लू का सबसे बड़ा असर साल 2009 और 2010 में देखा गया था। वर्ष 2010 में 20,604 मामले सामने आए थे और 1,763 लोगों की जान गई थी। वहीं पिछले साल भारत में स्वाइन फ्लू से 405 लोग जान से हाथ धो बैठे थे।

स्वाइन फ्लू एच1 एन1 वायरस से फैलता है। स्वाइन फ्लू के शुरुआती मामले वर्ष 2009 में सबसे पहले मैक्सिको में सामने आए थे। जून 2009 में विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्वाइन फ़्लू को विश्वव्यापी महामारी घोषित कर दिया था।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें