हाफिज सईद ने किया था पाक अधिकृत कश्मीर का दौरा
पाकिस्तानी सेना द्वारा दो भारतीय जवानों की बर्बर हत्या के कुछ दिन पहले लश्कर ए तय्यबा के संस्थापक खूंखार आतंकवादी हाफिज सईद ने नियंत्रण रेखा के उस पार पाक अधिकृत कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों का दौरा...
पाकिस्तानी सेना द्वारा दो भारतीय जवानों की बर्बर हत्या के कुछ दिन पहले लश्कर ए तय्यबा के संस्थापक खूंखार आतंकवादी हाफिज सईद ने नियंत्रण रेखा के उस पार पाक अधिकृत कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया था।
यह जानकारी केन्द्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिन्दे ने गुरुवार को संवाददाताओं को दी। उन्होंने कहा कि ऐसी खुफिया खबरें हैं कि चार पांच दिन पहले नियंत्रण रेखा के उस पार पाक अधिकृत कश्मीर में लश्कर संस्थापक हाफिज सईद मौजूद था। उसने कुछ लोगों से वहां बात की। सरकार उसके दौरे का ब्योरा हासिल करने की कोशिश कर रही है।
यह पूछने पर कि भारतीय सेना के जवानों पर हमले में क्या आतंकवादियों का हाथ हो सकता है, शिन्दे ने कहा कि अभी ऐसी सूचना नहीं है, लेकिन सारी सूचनाएं एकत्र करने की दिशा में काम हो रहा है।
जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान या पाक अधिकृत कश्मीर की ओर से घुसपैठ बढ़ने के बारे में किये गये सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि घुसपैठ बढ़ी है। जो सूचना है उससे लगता है कि घुसपैठ ज्यादा हो रही है।