फोटो गैलरी

Hindi Newsकुछ नया कर गुजरने के लिए उत्साहित करेगा साल 2013

कुछ नया कर गुजरने के लिए उत्साहित करेगा साल 2013

नव गति, नव लय, ताल छंद नव, नवल कंठ नव जलद मंद्र रव । नव नभ के नव विहग वंद को, नव पर नव स्वर दें ।। महाप्राण सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की पंक्तियों की तरह ही हमें अपने जीवन में नई सोच, नई उमंग और नए...

कुछ नया कर गुजरने के लिए उत्साहित करेगा साल 2013
एजेंसीMon, 31 Dec 2012 01:53 PM
ऐप पर पढ़ें

नव गति, नव लय, ताल छंद नव, नवल कंठ नव जलद मंद्र रव । नव नभ के नव विहग वंद को, नव पर नव स्वर दें ।। महाप्राण सूर्यकांत त्रिपाठी निराला की पंक्तियों की तरह ही हमें अपने जीवन में नई सोच, नई उमंग और नए उत्साह के साथ आगे बढ़ना है। उम्मीद है कि वर्ष 2013 लोगों को कुछ नया कर गुजरने के लिए उत्साहित करेगा।
   
देश और दुनिया में इस आते बरस में बहुत कुछ होना है। अगर भारत की ही बात करें तो अगले साल देश में गंगा जमना और अदृश्य सरस्वती के पावन तट पर 14 फरवरी से प्रयाग में महाकुम्भ शुरू होगा। इस कुम्भ के दौरान हिन्दू धर्म के तमाम 13 अखाड़ों के साधु और नागा साधु त्रिवेणी पर एकत्रित होंगे।
   
14 फरवरी के अलावा, 27 जनवरी (पौष पूर्णिमा), 10 फरवरी (मौनी अमावस्या), 15 फरवरी (वसंत पंचमी), 25 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 10 मार्च को महाशिवरात्रि के दिन कुम्भ के प्रमुख स्नान दिवस हैं। 12 साल के बाद होने वाले इस धार्मिक समागम में एक अनुमान के मुताबिक देश विदेश के तकरीबन दस करोड़ लोग आएंगे। यह मेला विश्व का सबसे बड़ा मेला है और हर बार अपना ही रिकॉर्ड तोड़ता है।
   
वर्ष 2012 का समापन चलती बस में सामूहिक बलात्कार और दरिंदगी की शिकार एक युवती की मौत की पीड़ा दे गया और कई सवाल भी खड़े कर गया। बलात्कार के मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए तीन जनवरी से फास्ट ट्रैक अदालतें काम करने लगेंगी।
   
एक जनवरी से, गरीबों की कल्याण योजनाओं और सब्सिडी का पैसा सीधे उनके आधार संख्या पर आधारित बैंक खातों में भेजने की योजना कुछ चुनिंदा जिलों में लागू कर दी जाएगी। एक साल में इसे पूरे देश में लागू करने का लक्ष्य है। इसका लक्ष्य इन योजनाओं गरीबों की कल्याण योजनाओं और सब्सिडी में लीकेज तथा भ्रष्टाचार खत्म करना है।
   
रक्षा तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सरकार ने भारी साजो-सामान उठाने में सक्षम 10 सी-17 सैन्य विमानों के ऑर्डर दिए हैं। सी-17 विमान और हवा से जमीन में मार करने में सक्षम ब्रहमोस एयर संस्करण अगले साल भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाएंगे।
   
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने घोषणा की है कि अगले साल नवंबर में उसका मंगल मिशन शुरू करने की योजना है। अगले साल त्रिपुरा, राजस्थान, नई दिल्ली, नागालैंड, मिजोरम, मेघालय, मध्यप्रदेश और कर्नाटक में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।
   
खेलों के क्षेत्र अगले साल भारत में 31 जनवरी से 17 फरवरी तक आईसीसी महिला विश्वकप क्रिकेट का आयोजन होगा। इसके अलावा क्रिकेट प्रेमियों को भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट श्रृंखला, आईसीसी चैम्पियन्स ट्रॉफी, भारत-दक्षिण अफ्रीका टेस्ट श्रृंखला, विश्व तैराकी चैम्पियनशिप, फीफा कन्फेडरेशन कप तथा विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का भी इंतजार रहेगा, जो अगले साल होने हैं।
   
मनोरंजन जगत में भी वर्ष 2013 में खासी हलचल रहेगी। अगले साल कई फिल्मों के सीक्वल आने वाले हैं जिनमें धूम 3, कृष 3, मर्डर 3 , रेस 2 , वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई 2 और शूटआउट एट वडाला प्रमुख हैं। इसके अलावा अर्जुन रामपाल की इंकार, अक्षय कुमार की स्पेशल 26 और अजय देवगन की हिम्मतवाला भी अगले साल आ रही हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें