फोटो गैलरी

Hindi Newsबदलेगा सरकार का चेहरा, PM-सोनिया की आज अहम बैठक

बदलेगा सरकार का चेहरा, PM-सोनिया की आज अहम बैठक

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को होने वाली बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल को अंतिम रूप दे सकते हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात कांग्रेस कोर समूह...

बदलेगा सरकार का चेहरा, PM-सोनिया की आज अहम बैठक
एजेंसीFri, 26 Oct 2012 11:58 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को होने वाली बैठक में केंद्रीय मंत्रिमंडल में होने वाले फेरबदल को अंतिम रूप दे सकते हैं। दोनों नेताओं की मुलाकात कांग्रेस कोर समूह की बैठक के दौरान होगी और वे इस मौके का इस्तेमाल बहुचर्चित मंत्रिमंडल फेरबदल पर अलग से बातचीत करने में कर सकते हैं।

केंद्रीय मंत्रिमंडल में अगले कुछ दिनों में पर्याप्त फेरबदल होने की संभावना है, जिसमें मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को शामिल करने के साथ ही कुछ मंत्रियों की छुट्टी भी हो सकती है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में फेरबदल रविवार को होने की संभावना है जिसमें एक से अधिक प्रभार संभाल रहे मंत्रियों से अतिरिक्त जिम्मेदारी वापस ली जा सकती है।

मंत्रिमंडल में फेरबदल होने की काफी समय से चर्चा चल रही है। यह चर्चा विशेष रूप से तृणमूल कांग्रेस के मंत्रियों के कैबिनेट और राज्य मंत्री स्तर से हटने के बाद से जारी है। गत दो वर्षों के दौरान 2जी घोटाले में नाम सामने आने के बाद द्रमुक प्रतिनिधियों ए राजा और दयानिधि मारन की ओर से मंत्रिपदों से त्यागपत्र दिए जाने के बाद मंत्रिपद खाली हुए हैं।

हालांकि द्रमुक अध्यक्ष एम करुणानिधि ने हाल में स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी मंत्री सीट पर फिर से दावा करना पसंद नहीं करेगी। उम्मीद जताई जा रही थी कि मुश्किलों में घिरी मनमोहन सरकार को उबारने के लिए राहुल गांधी मंत्री पद संभाल सकते हैं, लेकिन उनके इंकार से साफ हो गया है कि फिलहाल मनमोहन सरकार को युवराज के बगैर ही अपनी नैया पार लगानी होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें