फोटो गैलरी

Hindi Newsहास्य कलाकार जसपाल भट्टी का सड़क दुर्घटना में निधन

हास्य कलाकार जसपाल भट्टी का सड़क दुर्घटना में निधन

प्रसिद्ध हास्य कलाकार, अभिनेता व व्यंग्यकार जसपाल भट्टी की गुरुवार तड़के जालंधर से 40 किलोमीटर दूर पंजाब के नाकोदर में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। भट्टी अपनी नई फिल्म 'पॉवर कट' के प्रचार के लिए...

हास्य कलाकार जसपाल भट्टी का सड़क दुर्घटना में निधन
एजेंसीThu, 25 Oct 2012 11:04 AM
ऐप पर पढ़ें

प्रसिद्ध हास्य कलाकार, अभिनेता व व्यंग्यकार जसपाल भट्टी की गुरुवार तड़के जालंधर से 40 किलोमीटर दूर पंजाब के नाकोदर में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

भट्टी अपनी नई फिल्म 'पॉवर कट' के प्रचार के लिए जालंधर जा रहे थे, तभी हाईवे पर उनकी कार एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना तड़के तीन बजे के आसपास हुई। भट्टी भटिंडा से जालंधर जा रहे थे। दुर्घटना के बाद 57 वर्षीय भट्टी को जालंधर के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना में भट्टी का बेटा जसराज, उनकी फिल्म की हीरोइन सुरीली गौतम व एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गए। चण्डीगढ़ से 150 किलोमीटर दूर जालंधर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। भट्टी ने अपनी नई फिल्म 'पॉवर कट' का निर्माण व निर्देशन किया था। यह फिल्म शुक्रवार को प्रदर्शित होने वाली थी। इस फिल्म से उनका बेटा जसराज अभिनय की दुनिया में शुरुआत कर रहा था।

नजदीकी सूत्रों ने बताया कि फिल्म के प्रचार के लिए वह 40 दिन के टूर पर थे। गुरुवार को जालंधर में एक मीडिया सम्मेलन के साथ इस टूर का समापन होना था। भट्टी भारतीय टेलीविजन व बॉलीवुड फिल्मों का एक लोकप्रिय चेहरा थे। उन्होंने 80 के दशक के आखिर में व 90 के दशक में 'उल्टा-पुल्टा' व 'फ्लॉप शो' जैसे कार्यक्रम देकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

उन्होंने 1999 में एक फिल्म 'माहौल ठीक है' का निर्देशन भी किया। यह फिल्म पुलिस, प्रशासन व समाज पर एक व्यंग्य है। भट्टी सबसे प्रसिद्ध सिख हास्य अभिनेता रहे हैं, जिन्होंने कई बॉलीवुड फिल्मों में अभिनय किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें