फोटो गैलरी

Hindi Newsसचिन के साए में स्मिथ बने मुंबई के हीरो

सचिन के साए में स्मिथ बने मुंबई के हीरो

बल्लेबाजी के बादशाह सचिन तेंदुलकर ने 74 रन की चमत्कृत पारी खेली लेकिन कैरेबियाई ड्वेन स्मिथ आखिरी तीन गेंद पर 14 रन बटोरकर मुंबई इंडियन्स की इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स पर दो...

सचिन के साए में स्मिथ बने मुंबई के हीरो
एजेंसीSun, 06 May 2012 08:20 PM
ऐप पर पढ़ें

बल्लेबाजी के बादशाह सचिन तेंदुलकर ने 74 रन की चमत्कृत पारी खेली लेकिन कैरेबियाई ड्वेन स्मिथ आखिरी तीन गेंद पर 14 रन बटोरकर मुंबई इंडियन्स की इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को चेन्नई सुपरकिंग्स पर दो विकेट की जीत के नायक बने।

चेन्नई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 173 रन बनाए। तेंदुलकर ने 44 गेंद पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से 74 रन बनाए और इस बीच रोहित शर्मा (46 गेंद पर 60 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 126 रन जोड़े, लेकिन मुंबई ने 22 गेंद और 25 रन के अंदर सात विकेट गंवा दिए।

मुंबई को आखिरी ओवर में 16 और अंतिम तीन गेंद पर 14 रन चाहिए थे। इस आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे स्मिथ ने बेन हिल्फेनहास की पहली यार्कर को छह रन के लिए भेजा। पारी का पहला ओवर मेडन करने वाले इस आस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने अगली दो गेंद भी यार्कर की लेकिन स्मिथ ने उन दोनों पर एक ही छोर पर चौके जड़ दिए। स्मिथ ने नौ गेंद पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। मुंबई का स्कोर आखिर में आठ विकेट पर 174 रन रहा।

इस तरह से चेन्नई के उतार-चढ़ाव वाले इस मैच में सारे प्रयास नाकाम चले गए। उसकी तरफ से सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (29 गेंद पर 41) ने चेन्नई को तूफानी शुरुआत दिलाई थी। सुरेश रैना (21 गेंद पर 36) और डवेन ब्रावो (33 गेंद पर 40) ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की। धौनी ने 15 गेंद पर 25 रन बनाए। चेन्नई ने भी अंतिम पांच विकेट 14 गेंद और 15 रन के अंदर गंवाए। मुंबई की तरफ से लसित मालिंगा और आरपी सिंह ने तीन-तीन विकेट लिए।
 
मुंबई की यह लगातार तीसरी जीत है और अब उसके 11 मैच में सात जीत से 14 अंक हो गए हैं। महेंद्र सिंह धौनी की अगुवाई वाली चेन्नई को 12वें मैच में छठी हार झेलनी पड़ी। उसके अब भी 11 अंक हैं और उसके लिए अब आगे की राह करो या मरो वाली बन गई है।

मुंबई का जेम्स फ्रैंकलिन से पारी का आगाज करवाने का फैसला गलत साबित हुआ। उन्होंने हिल्फेनहास का पहला ओवर मेडन जाने दिया और इसी गेंदबाज के दूसरे ओवर में आसान कैच थमाया। तेंदुलकर बड़ी पारी खेलने के लिए प्रतिबद्ध थे। उन्होंने एल्बी मोर्कल के एक ओवर में तीन चौके लगाए जबकि रोहित ने हिल्फेनहास के तीसरे ओवर में चौके और छक्के की मदद से 12 रन बटोरे। उन्होंने डवेन ब्रावो पर भी दो चौके लगाए।
 
मोर्कल जब दूसरा स्पेल करने के लिए आए तो तेंदुलकर ने उन पर दो चौके और एक छक्का लगाया। इनमें से दूसरे चौके से उन्होंने टी20 में 14वां अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने शादाब जकाती पर पहले छक्का जमाया और उनके अगले ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना पचासा पूरा किया। जकाती के इस ओवर में तीन बार गेंद सीमा रेखा के पार गई जिसमें से दो चौके तेंदुलकर के बल्ले से निकले।

तेंदुलकर और रोहित की साझेदारी आखिर में अश्विन ने तोड़ी लेकिन फाफ डु प्लेसिस ने कवर पर एक हाथ से बेजोड़ कैच लेकर उसमें अहम योगदान दिया। तेंदुलकर के आउट होने के बाद विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। दिनेश कार्तिक (पांच गेंद पर 11 रन) ने ब्रावो पर दो चौके लगाए लेकिन अगली गेंद पर उन्होंने अपना विकेट खुला छोड़ दिया और बोल्ड हो गए।
 
इससे पहले विजय ने मैच की पहली गेंद पर ही चौका जड़कर खाता खोला लेकिन उनका असली जलवा तो पांचवें ओवर में देखने को मिला। चेन्नई ने टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले चार ओवर में 22 रन बनाए थे। हरभजन सिंह ने शुरू में चार गेंदबाज आजमाने के बाद मुनाफ पटेल को दोबारा गेंद सौंपी लेकिन विजय ने उनकी बीच की चार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौका जड़कर इस ओवर में 24 रन बटोर दिए।
 
मुनाफ के पहले ओवर में फाफ डु प्लेसिस (11 गेंद पर नौ रन) को आरपी सिंह ने जीवनदान दिया था लेकिन विजय के साथ गफलत के कारण रन आउट होने से वह इसका फायदा नहीं उठा पाए। विजय भी अगले ओवर में आरपी सिंह की कोण लेती गेंद को नहीं समझ पाए जो उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलकर आफ स्टंप उखाड़ गई। विजय ने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए।

रैना और ब्रावो ने संभलकर खेलते हुए रन गति बनाए रखी। रैना ने इस बीच विशेषकर ड्वेन स्मिथ को निशाने पर रखा तथा उनके लगातार दो ओवर में दो छक्के और इतने ही चौके लगाए। हरभजन ने आखिर में 14वां ओवर जेम्स फ्रैंकलिन को सौंपा जिनकी पहली गेंद पर ही रैना ने बेमन से शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज की पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल हैं।

धौनी का रोबिन पीटरसन पर लगाया गया छक्का दर्शनीय था। उन्होंने इसके बाद अगली गेंद चार रन के लिए भेजी थी। आज मुनाफ पटेल का दिन नहीं था क्योंकि ब्रावो ने भी उन पर छक्का जड़ा। मध्यम गति के इस गेंदबाज ने चार ओवर में 46 रन लुटाए।

ब्रावो ने मालिंगा पर दो चौके लगाकर उनका खौफ उतारने की कोशिश की लेकिन अगली गेंद यार्कर थी जो उनका स्टंप थर्रा गई। इस तरह से ब्रावो चार चौके और एक छक्का ही लगा पाए। धौनी को उनके दोस्त आरपी सिंह ने आउट किया लेकिन इसमें रोहित शर्मा का योगदान अहम रहा जिन्होंने सीमा रेखा पर उछलकर कैच लपका। रविंदर जडेजा (9) ने अगली गेंद पर छक्का जमाया लेकिन आरपी ने इसी ओवर में मोर्कल की गिल्लियां बिखेर दी।

मालिंगा ने पारी की आखिरी दो गेंद पर जडेजा और आर अश्विन को आउट किया। इसके साथ ही आईपीएल पांच में उनके विकेटों की संख्या 20 हो गई है। इस तरह से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज को मिलने वाली पर्पल कैप मालिंगा ने हासिल कर ली है जो अब तक दिल्ली डेयरडेविल्स के मोर्ने मोर्कल के पास थी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें