फोटो गैलरी

Hindi Newsअगवा विधायक व इतालवी पर्यटकों का कोई सुराग नहीं

अगवा विधायक व इतालवी पर्यटकों का कोई सुराग नहीं

ओडिशा में माओवादियों द्वारा अगवा बीजद के एक विधायक और दो इतालवी नागरिकों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। शनिवार को अगवा इतालवी नागरिकों को छुड़ाने के लिए की जा रही वार्ता रद्द कर दी गयी थी और...

अगवा विधायक व इतालवी पर्यटकों का कोई सुराग नहीं
एजेंसीSun, 25 Mar 2012 02:17 PM
ऐप पर पढ़ें

ओडिशा में माओवादियों द्वारा अगवा बीजद के एक विधायक और दो इतालवी नागरिकों का अभी तक कोई पता नहीं चला है। शनिवार को अगवा इतालवी नागरिकों को छुड़ाने के लिए की जा रही वार्ता रद्द कर दी गयी थी और माओवादियों द्वारा नियुक्त मध्यस्थ वार्ता से हट गये थे।

हालांकि अटकलें लगायी जा रही हैं कि दोनों इतालवी नागरिकों को कंधमाल जिले के दारिंगबाड़ी इलाके में शनिवार देर रात रिहा कर दिया गया है। लेकिन प्रशासन और पुलिस में से किसी के पास भी ऐसी सूचना नहीं है।

बालीगुड़ा के उप प्रभागीय पुलिस अधिकारी सत्यजीत नायक ने कहा कि मीडिया में आयी इतालवी नागरिकों की रिहाई की खबरों के बाद कुछ जगहों पर पुलिस दल तैनात कर दिये गये थे। लेकिन बंधकों की रिहाई की बात की पुष्टि नहीं की गयी है।

बलीगुड़ा के उप जिलाधिकारी बीएस पुनिया ने कहा कि प्रशासन किसी भी संभावित घटनाक्रम को देखते हुए सचेत है। लक्ष्मीपुर सीट से विधायक 37 वर्षीय झिना हिकाका का शनिवार रात एक बजे अपहरण कर लिया गया था, वहीं इटली के नागरिकों का 14 मार्च को अपहरण किया गया था। इतालवी नागरिकों के अपहरण को लेकर पहले से परेशान राज्य सरकार की मुश्किलें विधायक के अपहरण के बाद अब और बढ़ गयी हैं।   
कबाइली विधायक हिकाका के अपहरण के बाद मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लक्ष्मीपुर में दो मंत्रियों एसएन पात्रो और लाल बिहारी हिमीरिका को भेजा। माओवादियों ने पोस्टरों के माध्यम से घोषणा की है कि जब तक सुरक्षा बलों द्वारा जारी नक्सल विरोधी अभियानों को रोका नहीं जाएगा तब तक वह विधायक को बंधक बनाकर रखेंगे।

शनिवार वार्ता रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री और दोनों मध्यस्थों बीडी शर्मा एवं दंडापणि मोहंती ने माओवादियों से अपील की कि वह मानवीय आधारों पर विधायक और दोनों इतालवी नागरिकों को रिहा कर दें। वार्ता रद्द होने पर चिंता जाहिर करते हुए इटली के वाणिज्य दूत जोल मेलचिओरी ने कहा कि उन्हें समस्या के सकारात्मक समाधान की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गृहमंत्री पी चिदंबरम को फोन कर उन्हें ताजा घटनाक्रम की जानकारी दी। हिकाका के अपहरण के विरोध में लक्ष्मीपुर में स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किये और सड़क जाम कर उनकी तुरंत रिहाई की मांग की। वहीं पड़ोसी रायगढ़ जिले में लोगों ने रेल रोको आंदोलन किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें