फोटो गैलरी

Hindi Newsकुशवाहा पर दिग्विजय की संघ को चुनौती

कुशवाहा पर दिग्विजय की संघ को चुनौती

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की नाखुशी की खबरों के बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने संघ से कहा है कि वह इस मामले में कार्रवाई...

कुशवाहा पर दिग्विजय की संघ को चुनौती
एजेंसीSat, 07 Jan 2012 08:38 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की नाखुशी की खबरों के बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने संघ से कहा है कि वह इस मामले में कार्रवाई करने का साहस दिखाए।

सिंह ने टि्वटर पर अपनी अलग-अलग पोस्ट में कहा है कि भाजपा में भ्रष्ट नेताओं को शामिल करने के खिलाफ केवल बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा। संघ को कार्रवाई करने का साहस दिखाना चाहिए। भाजपा में भ्रष्ट नेताओं के शामिल होने के बाद संघ को भाजपा से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

इस बात पर जोर देते हुए कि संघ, भाजपा के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता, सिंह ने एक और पोस्ट में कहा है कि संघ अब भी भाजपा को समर्थन देता रहेगा। वे ऐसी मुर्गी को कैसे मार सकते हैं, जो उनके लिए सोने के अंडे देती है।

कांग्रेस महासचिव ने कुशवाहा के मुददे पर भाजपा में चल रही अंतर्कलह को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि भाजपा में भ्रष्ट नेताओं को पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी की ही पहल पर शामिल किया गया है, जो अपनी नियुक्ति का श्रेय संघ को देते हैं।

दिग्विजय ने संघ से सवाल किया कि भाजपा में भ्रष्ट नेताओं को नितिन गडकरी की पहल पर ही शामिल किया गया है, जिन्हें उसने ही चुना है। क्या वे उनके इस्तीफे की मांग करेंगे।

गुरुवार को संघ के हिंदी प्रकाशन पांचजन्य के संपादकीय में संघ ने उत्तर प्रदेश के लोगों से अपील की थी कि वे ऐसे लोगों को वोट नहीं दें, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। संपादकीय में ऐसे प्रत्याशियों को भी नहीं चुनने की अपील की गई थी, जो पार्टी बदल लेते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें