फोटो गैलरी

Hindi Newsव्हाइट हाउस में गोलाबारी करने वाला गिरफ्तार

व्हाइट हाउस में गोलाबारी करने वाला गिरफ्तार

अमेरिका में व्हाइट हाउस के समीप गोलीबारी की घटना में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके द्वारा चलाई गई एक गोली व्हाइट हाउस की खिड़की से भी टकराई थी। यह युवक अमेरिका व राष्ट्रपति बराक ओबमा...

व्हाइट हाउस में गोलाबारी करने वाला गिरफ्तार
एजेंसीThu, 17 Nov 2011 02:07 PM
ऐप पर पढ़ें

अमेरिका में व्हाइट हाउस के समीप गोलीबारी की घटना में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके द्वारा चलाई गई एक गोली व्हाइट हाउस की खिड़की से भी टकराई थी। यह युवक अमेरिका व राष्ट्रपति बराक ओबमा से नफरत करता है।

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के मुताबिक ऑस्कर रैमिरो ऑर्टेगा-हर्नाडीज को बुधवार को पेंसिलवेनिया राज्य की पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जो शुक्रवार रात हुई गोलीबारी में शामिल था। इस गोलीबारी का संबंध मंगलवार को व्हाइट हाउस से मिली दो गोलियों से हो सकता है।

एक गोली व्हाइट हाउस की खिड़की पर लगी थी लेकिन बुलेटप्रूफ कांच की वजह से यह अंदर प्रवेश नहीं कर सकी। अन्य गोली व्हाइट हाउस के बाहरी हिस्से पर चलाई गई थी। राष्ट्रपति व उनके परिवार की सुरक्षा का जिम्मा सीक्रेट सर्विस का है।

न्याय विभाग के मुताबिक ऑर्टेगा-हर्नाडीज को गुरुवार दोपहर दो बजे पिट्सबर्ग में संघीय अदालत के सामने पेश किया जाएगा। पेंसिलवेनिया पुलिस के लेफ्टिनेंट ब्रैड शील्ड्स के मुताबिक ऑर्टेगा-हर्नाडीज मूल रूप से इडाहो का रहने वाला है। संघीय अधिकारियों द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है।

सीएनएन के मुताबिक शील्ड्स ने बताया कि ऑर्टेगा-हर्नाडीज को अमेरिकी पार्क पुलिस द्वारा रविवार को जारी किए गए वारंट पर गिरफ्तार किया गया। उन्हें 11 नवंबर को व्हाइट हाउस पर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि व्हाइट हाउस के दक्षिणी हिस्से में गोलियां मिली थीं। सीक्रेट सर्विस ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, ''खिड़की के बाहरी शीशे के पीछे लगे बैलिस्टिक शीशे की वजह से गोली अंदर प्रवेश नहीं कर सकी। अन्य गोली व्हाइट हाउस के बाहरी हिस्से से मिली। यह नुकसान शुक्रवार की घटना से सम्बंधित नहीं है और व्हाइट हाउस के बाहरी इलाके से मिली गोली से सम्बंधित जांच चल रही है।''

पिछले शुक्रवार की रात करीब नौ बजे के आसपास व्हाइट हाउस से तकरीबन 700-800 गज की दूरी से गोलियां चलने की आवाज आने के बाद अमेरिकी पार्क पुलिस व सीक्रेट सर्विस मामले की जांच कर रहे थे। घटना के बाद अधिकारियों ने कांस्टीट्यूशन एवेन्यू में खड़ा एक वाहन देखा। वाहन से मिले दस्तावेजों के आधार पर अमेरिकी पार्क पुलिस ने ऑर्टेगा-हर्नाडीज को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें