येदियुरप्पा के बाद कौन! कई नामों पर चर्चा
कर्नाटक में अवैध खनन पर लोकायुक्त की रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से इस्तीफा मांगे जाने के बाद उनके उत्तराधिकारी के नाम पर चर्चाएं तेज हो गई...
कर्नाटक में अवैध खनन पर लोकायुक्त की रिपोर्ट को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा राज्य के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा से इस्तीफा मांगे जाने के बाद उनके उत्तराधिकारी के नाम पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी के रूप में कर्नाटक सरकार के मंत्री जगदीश शेट्टार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केएस ईश्वरप्पा और सांसद अनंत कुमार के नाम पर प्रमुखता से चर्चा हो रही है।
शेट्टार कर्नाटक के ग्रामीण विकास मंत्री हैं और येदियुरप्पा के समान ही लिंगायत समुदाय से भी हैं। भाजपा द्वारा अब तक येदियुरप्पा से इस्तीफा नहीं मांगे जाने का एक प्रमुख कारण उनका लिंगायत समुदाय से होना भी था, जिसका राज्य में एक बड़ा वोट बैंक है। पार्टी को इससे अपना यह वोट बैंक छिन जाने का डर था। भाजपा को लगता है कि शेट्टार को मुख्यमंत्री बनाकर वह इस समुदाय के वोट बैंक को भी अपने साथ रख सकेगी।
पिछड़ा वर्ग से सम्बद्ध ईश्वरप्पा पार्टी के पास एक अन्य विकल्प हैं। इसके अलावा राज्य के पूर्व भाजपा अध्यक्ष सदानंद गौड़ा का नाम भी लिया जा रहा है। नए मुख्यमंत्री के दावेदारों की दौड़ में येदियुरप्पा के धुर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और सांसद अनंत कुमार का नाम भी सामने आ रहा है।
पूर्व गृह मंत्री व येदियुरप्पा के करीबी समझे जाने वाले वीएस आचार्य, कानून मंत्री सुरेश आचार्य और मुख्यमंत्री की करीबी शोभा करांदलजे का नाम भी चर्चा में है।