फोटो गैलरी

Hindi Newsगौड़ा को एशियाई चैम्पियनशिप में सिल्वर

गौड़ा को एशियाई चैम्पियनशिप में सिल्वर

डोप प्रकरण से जूझ रहे भारतीय एथलेटिक्स को गुरुवार को खुशी के कुछ पल मिले जब चक्काफेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा ने कोबे में चल रही 19वीं एशियाई चैम्पियनशिप के पहले दिन रजत पदक जीत लिया। राष्ट्रीय...

गौड़ा को एशियाई चैम्पियनशिप में सिल्वर
एजेंसीThu, 07 Jul 2011 04:14 PM
ऐप पर पढ़ें

डोप प्रकरण से जूझ रहे भारतीय एथलेटिक्स को गुरुवार को खुशी के कुछ पल मिले जब चक्काफेंक खिलाड़ी विकास गौड़ा ने कोबे में चल रही 19वीं एशियाई चैम्पियनशिप के पहले दिन रजत पदक जीत लिया।

राष्ट्रीय रिकार्डधारी गौड़ा 61.58 मीटर का फासला नापकर दूसरे स्थान पर रहे। यह 64.91 मीटर के उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से भी कम है। ईरान के एशियाई रिकार्डधारी एहसान हदादी ने स्वर्ण (62.27 मीटर) और चीन के वू जियान ने कांस्य (56.61 मीटर) जीता।

तीन बार 64 मीटर से ऊपर का निशाना साधने वाले गौड़ा की शुरुआत खराब रही जब वह 58.88 मीटर की दूरी ही तय कर पाये। तीसरे प्रयास में उन्होंने 60 से ऊपर का आंकड़ा छुआ।

चौथे प्रयास में भी वह 60 के ऊपर नहीं पहुंच सके। इसके बाद उन्होंने 61.58 मीटर की दूरी नापी। हदादी ने चौथे प्रयास में 62.27 मीटर का फासला नापा। गौड़ा आखिरी प्रयास में 58.37 की दूरी ही तय कर सके।

गौड़ा 2012 लंदन ओलंपिक और अगले महीने की विश्व चैम्पियनशिप के बी क्वालीफाइंग स्तर यानी 63 मीटर के करीब नहीं पहुंच सके। क्वालीफाइंग का ए स्तर 65 मीटर है।

भारत की 35 सदस्यीय टीम इस टूर्नामेंट में भाग ले रही है। टूर्नामेंट से ठीक पहले भारत के आठ एथलीट प्रतिबंधित दवाओं के सेवन के दोषी पाये गए। इनमें एशियाई खेलों में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली अश्विनी अकुंजी और राष्ट्रमंडल तथा एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता महिला रिले टीम की उसकी साथी मनदीप कौर और सिनि जोस शामिल हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें