फोटो गैलरी

Hindi Newsआर्थिक आतंकवाद फैला रही है सरकारः भाजपा

आर्थिक आतंकवाद फैला रही है सरकारः भाजपा

केंद्र की कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार पर आर्थिक आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने कहा है कि केंद्र ने तेल उत्पादकों को फायदा पहुंचाने के लिए...

आर्थिक आतंकवाद फैला रही है सरकारः भाजपा
एजेंसीSat, 25 Jun 2011 01:51 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्र की कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार पर आर्थिक आतंकवाद फैलाने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी की पंजाब इकाई ने कहा है कि केंद्र ने तेल उत्पादकों को फायदा पहुंचाने के लिए डीजल, केरोसिन तेल और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी की है।

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता एंव राज्य सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने कहा, सरकार ने तेल कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए कीमतों में बढ़ोत्तरी की है। यह दुभाग्यपूर्ण है कि आम आदमी के साथ होने का दावा करने वाली केंद्र सरकार कहीं से भी आम आदमी के साथ नहीं है।

केंद्र सरकार को आमजन और किसान विरोधी करार देते हुए कालिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रो उत्पादों पर से सीमा शुल्क तथा उत्पाद शुल्क घटाने का निर्णय किया है। इससे सलाना 49 हजार करोड़ का घाटा होगा, जबकि कीमतों में बढ़ोत्तरी से 21 हजार करोड़ रुपए की आमदनी होगी।

कांग्रेस के हाथ को बड़ी कंपनियों के साथ बताते हुए कालिया ने सवाल किया कि इससे किसको फायदा मिलने वाला है यह सबके सामने है। देश में महंगाई चरम पर है ऐसे में डीजल, केरोसिन और रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोत्तरी की कोई आवश्यकता नहीं थी।

कालिया ने यह भी कहा कि सरकार ने तेल कंपनियों को 49000 करोड़ रुपये का फायदा कराते हुए आम आदमी पर 21 हजार करोड़ रुपए का बोझ लाद दिया है। यह कैसी सरकार है। यह आम आदमी की सरकार है या कंपनियों की सरकार है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों पर सब्सिडी के कारण जब सरकार को घाटा हो रहा था तो उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क में कमी करने की क्या जरूरत थी। सरकार के वर्तमान फैसले से 28 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त घाटा होगा, उसकी भारपाई कहां से होगी, सरकार यह भी स्पष्ट करे।

कालिया ने कहा कि पहले जैसा चलता तो न ही 28 हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त घाटा होता और न ही आमजनों पर बोझ पड़ता। केंद्र सरकार को किसानों की दुश्मन बताते हुए भाजपा नेता ने बढ़ी कीमतों को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की।

दूसरी ओर राज्य भाजपा के महासचिव कमल शर्मा ने कहा है कि सरकार ने अगर बढ़ी कीमतों को वापस नहीं लिया तो उनकी पार्टी केंद्रीय नेतत्व के निर्देशानुसार आंदोलन करेगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें