फोटो गैलरी

Hindi Newsरामदेव की हालत में सुधार: डॉक्टर

रामदेव की हालत में सुधार: डॉक्टर

योगगुरु बाबा रामदेव की देखरेख कर रहे डॉक्टरों ने शनिवार को कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और एक वीआईपी वार्ड में उनका उपचार चल रहा है। रामदेव को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया...

रामदेव की हालत में सुधार: डॉक्टर
एजेंसीSat, 11 Jun 2011 01:33 PM
ऐप पर पढ़ें

योगगुरु बाबा रामदेव की देखरेख कर रहे डॉक्टरों ने शनिवार को कहा कि उनकी हालत में सुधार हो रहा है और एक वीआईपी वार्ड में उनका उपचार चल रहा है। रामदेव को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भ्रष्टाचार और कालेधन पर अपनी मांग को लेकर अनशन पर बैठे रामदेव की हालत बिगड़ जाने के बाद शुक्रवार शाम उन्हें हिमालयन आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया। रामदेव को सेलाइन वाटर और ग्लूकोज चढ़ाया गया।

रामदेव की देखरेख कर रहे डॉक्टर दीपक गोयल ने संवाददाताओं से कहा कि रामदेव का रक्तचाप और धड़कन शुक्रवार रात कम हो गए थे। लेकिन समस्या पर नियंत्रण कर लिया गया है। उनकी हालत स्थिर है।

उन्होंने कहा कि रामदेव कमजोर हैं और उन्हें बैठने तथा बोलने में थोड़ी समस्या हो रही है। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार रामदेव की धड़कन और रक्तचाप धीरे-धीरे स्थिर हो रहे हैं और उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ एसएल जेठानी ने कहा कि रामदेव का लीवर व गुर्दे सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। इससे पहले रामदेव के प्रवक्ता एसके तिजारावाला ने सुबह जारी बयान में कहा था कि चिकित्सकीय देखरेख और निगरानी के बावजूद रामदेव के रक्तचाप में गिरावट आई। शुक्रवार रात दस बजे से शनिवार सुबह छह बजे के बीच उनका रक्तचाप 80-40 रहा।

उधर रामदेव को नई दिल्ली के एम्स भेजे जाने की संभावना के सवाल पर डॉ. गोयल ने कहा कि फिलहाल इसकी कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि रामदेव आईसीयू में नहीं हैं। वह वीआईपी वार्ड में हैं। उन्हें सामान्य सेलाइन और विटामिन दिए गए। उन्हें शरीर में पानी की कमी की समस्या हो रही है। डॉक्टरों ने कहा कि ग्लूकोज और सामान्य सेलाइन चढ़ाने के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें