फोटो गैलरी

Hindi News2020 तक आर्थिक रूप से विकसित देश बन सकते हैं हमः कलाम

2020 तक आर्थिक रूप से विकसित देश बन सकते हैं हमः कलाम

पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा है कि विजन 2020 के तहत अगर अगले नौ साल तक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 10 से 11 प्रतिशत रहती है तो भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों की कतार में...

2020 तक आर्थिक रूप से विकसित देश बन सकते हैं हमः कलाम
एजेंसीFri, 29 Apr 2011 12:58 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने कहा है कि विजन 2020 के तहत अगर अगले नौ साल तक सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 10 से 11 प्रतिशत रहती है तो भारत आर्थिक रूप से विकसित देशों की कतार में शामिल हो सकता है।

भारतीय वाणिज्य दूतावास में भारतीय कारोबारियों और सामाजिक नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कलाम ने कहा, 2020 के लिए हमारे पास नौ साल और हैं और अगर हम इस अवधि में 10 से 11 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि दर हासिल करते हैं तो हम आर्थिक रूप से विकसित देश बन सकते हैं।

पूर्व राष्ट्रपति भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की सफलता और 2020 तक भारत के विकसित होने को लेकर तैयार किए गये अपने विजन 2020 के बारे में बोल रहे थे। शिकागो में भारतीय महा-वाणिज्य दूत मुक्ता दत्त तोमर ने कलाम के सम्मान में इस सप्ताह की शुरुआत में कार्यक्रम का आयोजन किया था।

भारत-पाकिस्तान संबधों के बारे में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि दोनों देश लोगों के आर्थिक विकास के लिए साथ काम कर सकते हैं। पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि यूरोप के देश 100 साल तक आपस में लड़ते रहे और बाद में 28 देशों ने यूरोपीय संघ बनाया। ऐसे में दक्षिण एशियाई देश मिलकर क्यों नहीं काम कर सकते।

बहरहाल, उन्होंने कहा कि विकास के लिए जरूरी है कि भारत भ्रष्टाचार से मुक्त देश हो। गांवों में शहरी सुविधाओं के विकास से संबद्ध अपनी पुरा योजना के बारे में कलाम ने कहा कि यह देश में विकास लाएगा और विकास के अंतर की खाई को पाटेगा।

उन्होंने भारत में स्वच्छ और हरित ऊर्जा, महिलाओं की शिक्षा, जनसंख्या नियंत्रण, गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराए जाने तथा ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त सुविधाओं के विकास पर जोर दिया।

देवास मल्टी मीडिया और इसरो से संबद्ध एंट्रिक्स घोटाले के बारे में प्रतिक्रिया देते हुए कलाम ने कहा, इस मामले में जांच हो रही है। हमें जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करनी होगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें