फोटो गैलरी

Hindi Newsइनकी दुनिया में कुछ भी नहीं है बेकार

इनकी दुनिया में कुछ भी नहीं है बेकार

प्लास्टिक पर्यावरण के लिए खतरनाक है। इसका उपयोग कम तो नहीं हो रहा, पर एक संस्था ऐसी है जो इन्हें रिसाइकल कर तरह-तरह के फैशनेबल प्रोडक्ट तैयार कर रही है। इस संस्था का नाम है, कंजर्व इंडिया और इसकी...

इनकी दुनिया में कुछ भी नहीं है बेकार
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 22 Apr 2011 04:52 PM
ऐप पर पढ़ें

प्लास्टिक पर्यावरण के लिए खतरनाक है। इसका उपयोग कम तो नहीं हो रहा, पर एक संस्था ऐसी है जो इन्हें रिसाइकल कर तरह-तरह के फैशनेबल प्रोडक्ट तैयार कर रही है। इस संस्था का नाम है, कंजर्व इंडिया और इसकी संस्थापक हैं अनीता अहूजा। बता रही हैं मृदुला भारद्वाज

प्लास्टिक बैग्स पर्यावरण के लिए हानिकारक हैं, ये बात तो हम सब जानते हैं। फिर भी न प्लास्टिक बैग्स का इस्तेमाल बंद हो रहा है और न इसके कारण प्रकृति को होने वाले नुकसान में कुछ कमी आ रही है। पर, दुनिया में कई लोग ऐसे हैं, जो हालात का रोना रोने की जगह उस स्थिति को बेहतर बनाने में विश्वास रखते हैं। कंजर्व इंडिया की संस्थापक अनीता अहूजा ऐसे ही लोगों में से एक हैं। कंजर्व इंडिया प्लास्टिक बैग्स को रिसाइकल कर, उससे तरह-तरह के स्टाइलिश बैग्स, बेल्ट, पर्स, जूते, नेकलेस, इंटीरियर प्रोडक्ट्स, कुशन कवर आदि बनाती है। इन प्लास्टिक बैग्स को रिसाइकल करने में न तो ऊर्जा नष्ट होती है और न ही किसी तरह का प्रदूषण होता है। इसके अलावा कंजर्व इंडिया ट्रक और गाड़ियों के पुराने टायर ट्यूब, पुरानी सीट बेल्ट और जींस व पुरानी साड़ियों से पारंपरिक और आकर्षक डिजाइनर बैग्स और कई तरह के फैशनेबल प्रोडक्ट भी तैयार कर रही है। इससे न सिर्फ पर्यावरण को बचाने की मुहिम जारी है, बल्कि बहुत से बेरोजगार लोगों को काम मिल रहा है।

कंजर्व इंडिया की संस्थापक अनीता आहूजा को समाज सेवा में खासी रुचि थी, इसलिए एनजीओ को चुना। वो कहती हैं, ‘यही एक ऐसा माध्यम था, जिसके जरिए मैं समाज और पर्यावरण के लिए कुछ कर सकती थी। मैंने प्लास्टिक वेस्ट मैटीरियल को रिसाइकल कर उसे उपयोगी चीजों में बदलने का फैसला लिया।’ इस संस्था में 300 फुलटाइम और 1500 पार्टटाइम वर्कर हैं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। यह संस्था न केवल लोगों को रोजगार दे रही है, बल्कि संस्थान द्वारा कई ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग प्लास्टिक बैग्स का सही उपयोग करके पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दे सकें। कंजर्व इंडिया के प्रोडक्ट्स भारत के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया जैसे विदेशी बाजार में भी है। कंजर्व इंडिया और भी कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही है। 2010 में दिल्ली में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान इकट्ठा किए गए कूड़े को इकट्ठा करके इस संस्था द्वारा कई नई और उपयोगी वस्तुएं तैयार की जा रही हैं। इसके अलावा कंजर्व इंडिया कई हेल्थ केयर प्रोग्राम भी चला रही है। पर्यावरण संरक्षण के बारे में अनीता कहती हैं, ‘किसी भी चीज को घर से बाहर फेंक देने से पहले सोचें कि उस सामान का क्या उपयोग हो सकता है। इस काम में महिलाएं अहम भूमिका निभा सकती हैं। इसी से धरती सुरक्षित रह पाएगी।’ 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें