फोटो गैलरी

Hindi Newsवैलेंटाइन के लिए करें अपना होम डेकोर

वैलेंटाइन के लिए करें अपना होम डेकोर

पहले तो घर में पड़े बेकार सामान को फेंक दें। अगर आप घर में नए सिरे से पेंट न भी करा पा रहे हों तो भी घर को अच्छे से साफ कर लें। हर कोना चमक उठना चाहिए। हर शेप और साइज की अरोमा कैंडल्स खरीदें। घर के...

वैलेंटाइन के लिए करें अपना होम डेकोर
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 07 Feb 2011 11:42 AM
ऐप पर पढ़ें

पहले तो घर में पड़े बेकार सामान को फेंक दें। अगर आप घर में नए सिरे से पेंट न भी करा पा रहे हों तो भी घर को अच्छे से साफ कर लें। हर कोना चमक उठना चाहिए। हर शेप और साइज की अरोमा कैंडल्स खरीदें। घर के हर कोने में, खासकर बेडरूम में उन्हें सजा दें। इसमें आपकी क्रिएटिविटी काम आएगी। आप रेड कलर्स की कैंडल्स बेडरूम में सजाएं और विभिन्न शेड्स की कैंडल्स को लिविंग रूम व घर के अन्य हिस्से में सजा दें। इन कैंडल्स को आप या तो एक कतार में लगा दें या फिर किसी पैटर्न में, जैसे इनसे हार्ट शेप बना लें या कोई फ्लावर। आप फ्लोटिंग कैंडल्स भी किसी शीशे या क्रिस्टल के बाउल में रख सकती हैं। इसमें गुलाब की पंखुड़ियां डालना न भूलें। अरोमा कैंडल्स के प्रयोग से घर तो महकेगा ही, साथ ही रोमांस का मजा भी दुगुना हो जाएगा।

हार्ट शेप के बैलून, खासकर रेड कलर के, पूरे घर में लगा दें। दीवारों, सीलिंग व दरवाजों पर भी इन्हें टांगा जा सकता है। बैलून का एक बड़ा-सा बंच भी आप एक कोने में रख सकते हैं। उन बैलून्स पर प्यार भरे छोटे-छोटे संदेश लिख दें, फिर देखें कैसे खुशनुमा हो उठती है आपकी रात।

फ्लावर डेकोरेशन तो वैसे हर ओकेजन पर अच्छा लगता है, पर वैलेंटाइन तो ऐसा दिन है जब प्रेमी युगल भेंट में एक-दूसरे को गुलाब ही देते हैं, क्योंकि गुलाब प्रेम का प्रतीक है। रेड रोजेज तो सजाएं ही, साथ ही और फूलों से भी डेकोर करें। इसकी खुशबू आपको मस्त कर देगी और मन नाचने को हो जाएगा। अपने साथी के लिए घर के प्रवेश द्वार से लेकर कमरे तक गुलाब की पंखुड़ियां का फर्श पर एक कारपेट बनाएं। 

हार्ट शेप का स्टेंसिल काटकर विभिन्न पैटर्न बनाएं। कार्डबोर्ड पर भी इसे काट सकती हैं और मनचाहे कलर के पेपर से कवर कर इन्हें दरवाजों, बालकनी और खिड़कियों पर लटका दें। इनके नीचे छोटी-छोटी घंटियां भी लगाई जा सकती हैं। इनके ऊपर सिल्वर या गोल्डन कलर से प्यार के मैसेज लिख दें। हार्ट शेप के स्टिकर्स लाकर आप अलमारी पर सजा दें।

विभिन्न साइज में कार्डबोर्ड पर हार्ट शेप काट कर उसे एक धागे से लटकाते हुए डैंगलर्स बना लें। आप रेड कलर का रिबन भी प्रयोग कर सकती हैं। साटन रिबन के फूल बनाकर हार्ट के बीचोंबीच चिपका दें।

वैलेंटाइन पर आप डिनर के लिए खास टेबल ड्रेसिंग भी कर सकती हैं। लेस लगा या रेड कलर का साटन का टेबल क्लॉथ बिछा दें। क्रिस्टल बाउल्स सजा दें। कैडल्स व कैंडल होल्डर्स को सेंटर में लगाएं। आसपास साटन या रिबन से बने छोटे-छोटे कलरफुल फ्लावर फैला दें। हल्का रोमांटिक म्यूजिक चला दें और फूलों की खुशबू के बीच एक रंगीन मूड के साथ वैलेंटाइन मनाएं।

वैलेंटाइन पर होम डेकोर करते समय फर्निशिंग और फर्नीचर पर भी अवश्य ध्यान दें। लाल या पिंक कलर के पर्दे, झालरें और खिड़की पर रिबन या लेस लगाना न भूलें। सोफे, दरवाजे, टेबल, काउच आदि पर रेड स्टीमर्स लगाएं। बेड पर सिल्क, वेल्वेट व साटन की बेडशीट बिछा दें। रेड, ब्लैक, व्हाइट, ब्लू व ग्रीन कलर अच्छे रहेंगे।

वैलेंटाइन पर मूड सेट करने के लिए लाइटिंग का भी बहुत महत्व है, पर बहुत सॉफ्ट लाइटिंग होनी चाहिए। ट्यूब लाइट या बल्ब की जगह पिंक कलर के बल्ब लगा दें। एक गुलाबी आभा कमरे में फैल जाएगी। कैडल्स और पिंक लाइटिंग से कमरे की सज्जा के साथ-साथ आपका मूड भी रोमांटिक हो जाएगा। आइवरी कलर की कैंडल्स लें या रेड एंड पिंक का कॉम्बिनेशन भी कर सकती हैं।

आर्टिफिशयल प्लांट्स और फ्लावर को भी आप होम डेकोर का हिस्सा बना सकती हैं। इन पर छोटे-छोटे रंग-बिरंगे बल्ब लगा दें या शाइनी गिल्टर चिपका दें। तेज रोशनी को बंद कर दें तब ये अलग से चमकेंगे। इन पर कार्डबोर्ड के क्यूपिड काटकर भी टांग सकती हैं।

वैलेंटाइन के दिन अपने साथी को गिफ्ट देना न भूलें। ये गिफ्ट डेकोर का भी काम करती हैं, लेकिन सिर्फ उसी दिन। फूलों के अतिरिक्त रेड बैग, सिल्क टाई हार्ट शेप के पैटर्न के साथ गिफ्ट दी जा सकती है। पिक्चर फ्रेम व हार्ट शेप के बैलून देना न भूलें।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें