फोटो गैलरी

Hindi Newsसुशील दुनिया का सबसे अच्छा पहलवान : करतार

सुशील दुनिया का सबसे अच्छा पहलवान : करतार

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की कुश्ती टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ ने कहा है कि सुशील दुनिया का सबसे बेहतरीन पहलवान है और इस विश्व चैंपियन को हराना किसी के लिए आसान नहीं...

सुशील दुनिया का सबसे अच्छा पहलवान : करतार
एजेंसीMon, 11 Oct 2010 07:25 PM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की कुश्ती टीम के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए भारतीय कुश्ती महासंघ ने कहा है कि सुशील दुनिया का सबसे बेहतरीन पहलवान है और इस विश्व चैंपियन को हराना किसी के लिए आसान नहीं होगा।
   
भारतीय कुश्ती महासंघ के महासचिव करतार सिंह ने बातचीत में कहा कि सुशील न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में सबसे बेहतर पहलवान है और उसके पास दुनिया के बड़े बड़े पहलवानों को हराने का माद्दा है। राष्ट्रमंडल खेलों में नाइजीरिया के पहलवान को रविवार को महज़ पांच सेकेंड में पटखनी देने वाले सुशील के खेल के बारे में सिंह ने कहा कि सुशील का स्तर बहुत अच्छा है। उसे हराना किसी भी देश के खिलाड़ी के लिए आसान काम नहीं है।
   
देश में हो रहे राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय कुश्ती टीम के प्रदर्शन पर पूर्व पहलवान ने संतोष जताया। हालांकि पाकिस्तान के पहलवान से अनुज के हार जाने पर उन्हें अफसोस है। उनका कहना है कि अनुज का प्रदर्शन और बेहतर होना चाहिए था। सिंह ने कहा कि मुझे इस बात का अफसोस है कि हमारा अनुज पाकिस्तान के पहलवान से मात खा गया। उसे हारना नहीं चाहिए था। अनुज का प्रदर्शन बेहतर होना चाहिए था।

यह पूछे जाने पर कि तैयारियों में कुछ कमी रह गई थी, सिंह ने कहा कि तैयारियों के लिए हमारे पास बहुत समय था। हमने पूरी तैयारी की और इसी का परिणाम है कि कुश्ती में हम पहले दिन से ही लगातार स्वर्ण पदक जीत रहे हैं।
   
करतार सिंह ने इस बात पर संतोष ज़ाहिर किया कि भारतीय पहलवानों के मैच देखने स्वयं राहुल गांधी, उनकी मां सोनिया गांधी और आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाडी आए। उन्होंने कहा कि कुश्ती देखने राहुल जी और सोनिया गांधी का आना हमारे खेल के लिए गौरव की बात है। इससे खिलाड़ियों का हौसला बुलंद हुआ है।
   
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि कुछ कमियां हैं जिसे दूर किए जाने की आवश्यकता है। कुछ कमियां खिलाड़ी के स्तर पर है तो कुछ अधिकारियों के स्तर पर। भारतीय कुश्ती महासंघ जल्दी ही इन कमियों को दूर करने की कोशिश करेगी ।
   
राष्ट्रमंडल खेलों के 19 वें संस्करण में पहलवानों के प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए करतार ने कहा कि सुशील ने विश्व चैंपियन बन कर भारतीय कुश्ती को एक नया आयाम और विश्व स्तर पर एक नया परिचय दिया है। उल्लेखनीय है कि भारतीय पहलवानों ने राजधानी में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में 10 स्वर्ण, 05 रजत तथा 04 कांस्य सहित 19 पदक जीते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें