फोटो गैलरी

Hindi Newsराष्ट्रमंडल खेलों पर प्रधानमंत्री की बैठक, कलमाडी को रखा दूर

राष्ट्रमंडल खेलों पर प्रधानमंत्री की बैठक, कलमाडी को रखा दूर

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर हो रही जोरदार आलोचना के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्रियों और इस खेल के आयोजन में शामिल अन्य लोगों के साथ आज एक बैठक की। हालांकि, इस...

राष्ट्रमंडल खेलों पर प्रधानमंत्री की बैठक, कलमाडी को रखा दूर
एजेंसीFri, 24 Sep 2010 12:21 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर हो रही जोरदार आलोचना के बीच प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गुरुवार को केंद्रीय मंत्रियों और इस खेल के आयोजन में शामिल अन्य लोगों के साथ आज एक बैठक की। हालांकि, इस बैठक से आयोजन समिति के प्रमुख सुरेश कलमाडी को दूर रखा गया जिससे इस बात की अटकलें लगाई जाने लगीं कि उन्हें दरकिनार किया जा रहा है।
  
प्रधानमंत्री ने कैबिनेट सचिव के एम चंद्रशेखर से कहा कि वह कामनवेल्थ गेम्स फेडरेशन के प्रमुख माइकल फेनेल के यहां पहुंचने पर शुक्रवार को उनसे मिलें और उन्हें तैयारियों के बारे में जानकारी दें।
   
90 मिनट की बैठक के दौरान सिंह ने शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी, खेल मंत्री एमएस गिल, लेफ्टिनेंट गवर्नर तेजिंदर खन्ना और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित से तैयारी के विभिन्न पहलुओं के बारे में पूछताछ की।
   
खन्ना ने बाद में कहा कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें सूचित किया किया गया कि खेल सुविधाओं और गांव को अपेक्षित मानक का तैयार करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक के बाद लेफ्टिनेंट गवर्नर ने कहा, हमारे मेहमानों की अगवानी और स्वागत भारत की आतिथ्य की सर्वश्रेष्ठ परंपराओं के अनुसार किया जाएगा। बैठक में चंद्रशेखर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार शिवशंकर मेनन और गृह सचिव जीके पिल्लै ने भी हिस्सा लिया।
   
उल्लेखनीय है कि कलमाडी को बैठक में नहीं आमंत्रित किया गया। इससे ये सवाल उठने लगे कि तैयारी में कमी को लेकर हो रहे चौतरफा हमलों के मददेनजर क्या उन्हें दरकिनार किया जा रहा है। अक्षमता के आरोपों के अतिरिक्त आयोजन समिति और सरकार को खेलों के मुख्य आयोजन स्थल जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के निकट फुट-ओवरव्रिज के गिरने के कारण भी शर्मिंदगी उठानी पड़ी।

यह बैठक अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों द्वारा खेल गांव को गंदा और नहीं रहने योग्य बताए जाने के दो दिन बाद हुई है। कनाडा, स्काटलैंड और न्यूजीलैंड जैसी शीर्ष टीमों ने अपने प्रतिनिधिमंडल को भारतीय राजधानी के लिए रवाना करने में विलंब कर दिया है। फेनेल शुक्रवार को खेल गांव का दौरा करेंगे ताकि उसका निरीक्षण कर सकें। यहीं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ठहरेंगे। प्रधानमंत्री ने कैबिनेट सचिव को फेनेल से मिलने को कहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें