फोटो गैलरी

Hindi Newsआज विदा हो रहे हैं बप्पा, मुंबई में भारी सुरक्षा

आज विदा हो रहे हैं बप्पा, मुंबई में भारी सुरक्षा

मुंबई में बुधवार को गणेश विसर्जन की शांतिपूर्ण ढंग से शुरुआत हो गई। इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर इकट्ठे हुए हजारों लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस, भारतीय नौसेना और तटरक्षक दलों ने सुरक्षा के पूरे...

आज विदा हो रहे हैं बप्पा, मुंबई में भारी सुरक्षा
एजेंसीWed, 22 Sep 2010 01:25 PM
ऐप पर पढ़ें

मुंबई में बुधवार को गणेश विसर्जन की शांतिपूर्ण ढंग से शुरुआत हो गई। इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर इकट्ठे हुए हजारों लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस, भारतीय नौसेना और तटरक्षक दलों ने सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि तटरक्षक दल हेलीकॉप्टरों से पूरे शहर पर नजर रखे हुए हैं जबकि नौसेना की गश्ती नावें और गोताखोर गिरगांव चौपाटी सहित उन सभी स्थानों पर तैनात हैं जहां गणेश विसर्जन हो रहा है।

गणेश गली के भगवान गणेश की बुधवार सुबह गिरगांव चौपाटी पर विसर्जन के लिए अंतिम यात्रा शुरू हुई। शहरभर में भारी संख्या में पुलिस तैनात है। ज्यादातर इलाकों में सुबह से ही विसर्जन शुरू हो गया है। विभिन्न परिवारों में सजाई गईं गणेश प्रतिमाएं विभिन्न स्थानों पर विसर्जन के लिए ले जाई जा रही हैं।

पड़ोसी ठाणे और पूरे कोंकण क्षेत्र के रायगाडा, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुणे में हर साल बड़े पैमाने पर गणेशोत्सव का आयोजन होता है इसलिए यहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पिछले साल हुए गणेश विसर्जन से अनुमान लगाया गया है कि लोगों के घरों और गणेश मंडलों से करीब 150,000 बड़ी और छोटी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इस आयोजन में देशी, विदेशी पर्यटकों सहित करीब 60 लाख लोग शामिल होंगे।

गिरगांव चौपाटी के अलावा दादर चौपाटी, जूहू, वर्सोवा, मार्वे, मनोरी, माध,  गोराई समुद्रतटों, मीठी नदी और संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में गणेश विसर्जन हो रहा है।

समुद्र तट पर 27 स्थानों पर गणेश विसर्जन कार्यक्रम है, ऐसे में प्रशासन के लिए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना एक चुनौतीपूर्ण काम होगा।

मुंबई पुलिस और बृहनमुंबई नगरनिगम ने सभी विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम किए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर्स, सीसी टीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।

आतंकवादी खतरे को ध्यान में रखते हुए जिन स्थानों से विसर्जन के लिए गणेश प्रतिमाएं ले जाई जा रही हैं वहां एक दिन के लिए चार पहिया और दुपहिया वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें