फोटो गैलरी

Hindi Newsफॉलोवरों की दौड़ में प्रियंका ने छोड़ा शाहरुख को पीछे

फॉलोवरों की दौड़ में प्रियंका ने छोड़ा शाहरुख को पीछे

देसी गर्ल के नाम से मशहूर पूर्व विश्व सुंदरी प्रियंका चोपड़ा ने हिंदी फिल्म जगत के बेताज बादशाह शाहरूख खान, शहंशाह अमिताभ बच्चन, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और सल्लू मियां को पीछे छोड़ते हुए माइक्रो...

फॉलोवरों की दौड़ में प्रियंका ने छोड़ा शाहरुख को पीछे
एजेंसीTue, 21 Sep 2010 05:21 PM
ऐप पर पढ़ें

देसी गर्ल के नाम से मशहूर पूर्व विश्व सुंदरी प्रियंका चोपड़ा ने हिंदी फिल्म जगत के बेताज बादशाह शाहरूख खान, शहंशाह अमिताभ बच्चन, मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और सल्लू मियां को पीछे छोड़ते हुए माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर सबसे ज्यादा फॉलोवर जुटा लिए हैं।
     
प्रियंका ने अभी तक सबसे आगे चल रहे किंग खान शाहरूख को छोड़कर ट्विटर क्वीन का खिताब अपने नाम कर लिया है। अपनी फिल्म 'अनजाना अनजानी' को लेकर चर्चा में चल रही प्रियंका के ट्विटर पर 652,822 फॉलोवर हैं जबकि किंग खान के चाहने वालों की संख्या 649,515 है।
     
शाहरूख के अलावा ट्विटर पर बॉलीवुड के लगभग सभी नामचीन सितारों के सक्रिय होने के बावजूद प्रियंका ने फॉलोवरों की दौड़ में सभी को पीछे छोड़ दिया है। प्रियंका बिग बी, शाहरूख, रितिक रोशन समेत 95 नामचीन सितारों और अपने दोस्तों को फॉलो करती हैं जबकि 12810 लोगों ने उन्हें लिस्टेड कर रखा है।

इस पूरे परिदृश्य में सबसे खास बात यह है कि बॉलीवुड की कोई भी अभिनेत्री उनके आस पास नहीं है। प्रियंका के बाद अभिनेत्रियों में डिंपल गर्ल प्रीति ज़िन्टा शामिल हैं जिनके 390,080 फॉलोवर हैं जबकि तीसरे नंबर पर जवां दिलों की धड़कन दीपिका पादुकोण हैं। दीपिका के ट्विटर पर 85,226 दीवाने हैं।
      
अपनी फिल्म 'दबंग' की रिकॉर्डतोड़ सफलता को लेकर चर्चा में चल रहे सल्लू मियां ने रितिक रोशन को पीछे छोड़कर तीसरे स्थान पर कब्ज़ा कर लिया है। सलमान के ट्विटर को अलविदा कहने के बावजूद उनके फॉलोवरों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है जो अब 418,643 हो चुकी है।
      
सल्लू मियां के बाद बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का नंबर आता है। बिग बी करीब 417,558 फॉलोवरों के साथ चौथे नंबर पर चल रहे हैं। इस प्रकार शहंशाह भी प्रियंका से काफी पीछे चल रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें