फोटो गैलरी

Hindi Newsयमुना का पानी खतरे के निशान से ऊपर

यमुना का पानी खतरे के निशान से ऊपर

हरियाणा से पिछले दो दिन में आठ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का पानी खतरे के निशान 204.83 मीटर से ऊपर बह रहा है और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कल तक जलस्तर 207 मीटर से अधिक...

यमुना का पानी खतरे के निशान से ऊपर
एजेंसीThu, 09 Sep 2010 11:35 PM
ऐप पर पढ़ें

हरियाणा से पिछले दो दिन में आठ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना नदी का पानी खतरे के निशान 204.83 मीटर से ऊपर बह रहा है और अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कल तक जलस्तर 207 मीटर से अधिक हो सकता है जिससे निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने कहा कि किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने कहा कि हरियाणा का पानी कल शाम तक दिल्ली पहुंचेगा और जलस्तर 207 मीटर से अधिक हो सकता है।

केंद्रीय जल आयोग से दिल्ली सरकार को मिली सूचना में कहा गया है कि यमुना का स्तर दस सितंबर की शाम 206.90 मीटर हो जाएगा। आज रात साढ़े आठ बजे जलस्तर 205.09 मीटर पर पहुंच गया।

मुख्यमंत्री ने बताया दिल्ली सरकार स्थिति से निपटने के लिए सभी ऐहतियाती उपाय कर रही है। निचले इलाकों की बस्तियों में रहने वाले 90 फीसदी से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं। हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से आज 2.13 लाख क्यूसेक पानी और कल 6.60 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा जा चुका है। इसके बाद आज सुबह यमुना का जल स्तर 204.52 मीटर से बढ़ कर दोपहर तक 204.73 मीटर हो गया।

हालांकि हरियाणा ने पिछले दो दिन में आठ लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा है लेकिन दीक्षित ने कहा कि केवल 3.5 लाख क्यूसेक पानी दिल्ली आने की उम्मीद है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें