फोटो गैलरी

Hindi Newsबिहारः इस हफ्ते हो सकती है विधानसभा चुनावों की घोषणा

बिहारः इस हफ्ते हो सकती है विधानसभा चुनावों की घोषणा

बदले हुए हालात के बीच बिहार में अगले पांच साल कौन राज करेगा इसका फैसला करने के लिए 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान इस सप्ताह होने की खासी संभावना है। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 27...

बिहारः इस हफ्ते हो सकती है विधानसभा चुनावों की घोषणा
एजेंसीSun, 05 Sep 2010 12:47 PM
ऐप पर पढ़ें

बदले हुए हालात के बीच बिहार में अगले पांच साल कौन राज करेगा इसका फैसला करने के लिए 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव की तारीखों का ऐलान इस सप्ताह होने की खासी संभावना है।

वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 27 नवम्बर को समाप्त हो रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद हुए परिसीमन से जहां विधानसभा क्षेत्रों का आकार प्रकार बदला है, वहीं लालू प्रसाद के राजद की सहयोगी इस बार कांग्रेस की जगह राम विलास पासवान की लोजपा है। पिछली बार पासवान और राजद से अलग चुनाव लड़े थे।

एक अन्य बदलाव यह है कि यहां पिछले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान लालू और पासवान दोनों केन्द्र की संप्रग सरकार में मंत्री थे। इस बार दोनों दलों के बीच हुए चुनावी समझौते के मुताबिक राजद 168 और लोजपा 75 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। चुनाव आयोग राज्य का पहले ही दौरा कर चुका है और वहां चुनाव की तैयारियों खासकर फोटो पहचान पत्र और मतदाता सूची के संशोधन कार्यों का जायजा ले चुका है।

चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए चुनाव आयोग ने पिछले दिनों केन्द्रीय गृह सचिव जीके पिल्लई के साथ सुरक्षा इंतजामों पर चर्चा की थी। इस मुलाकात के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी और चुनाव आयुक्त वीएस संपत ने बिहार में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जरूरी अर्धसैनिक बलों की संख्या के मुद्दे पर विस्तार से बातचीत की थी।

2005 में राज्य में दो बार विधानसभा चुनाव हुए थे। पहली बार फरवरी में मतदान हुआ था और किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था और बाद में राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया था। राज्य में फिर अक्टूबर-नवम्बर में विधानसभा चुनाव हुए जिसमें नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू-भाजपा गठबंधन पंद्रह वर्षों से सत्ता में काबिज लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राजद को जबर्दस्त शिकस्त देते हुए सत्तारूढ़ हुआ।

इस विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ जदयू-भाजपा गठबंधन का मुख्य मुकाबला लालू प्रसाद और रामविलास पासवान के नेतृत्व वाले राजद-लोजपा गठबंधन से होगा। वैसे राजद और लोजपा ने पिछला लोकसभा चुनाव भी मिलकर लड़ा था लेकिन उस चुनाव में दोनों दलों को भारी पराजय का सामना करना पड़ा। राजद के सीटों की संख्या जहां 24 से घट कर चार पर पहुंच गयी वहीं लोजपा का खाता भी नहीं खुला और खुद रामविलास पासवान भी चुनाव नहीं जीत पाए। करीब एक वर्ष पहले हुए इस चुनाव में तकरीब 174 विधानसभा क्षेत्रों में राजग को बढ़त मिली थी। राजद-लोजपा 38 क्षेत्रों में आगे थी, जबकि कांग्रेस को दस और अन्य को 21 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी।

2005 के विधानसभा चुनाव में राजग को 142 सीटें और राजद को 54 तथा लोजपा को दस सीटें मिली थी। इससे लगता है कि लोकसभा चुनाव तक नीतीश के नेतृत्व वाला जदयू-भाजपा गठबंधन अपनी बढ़त राज्य में बनाए हुए था। इन सवा सालों में लालू-पासवान का संयुक्त अभियान इस पकड़ में कितनी सेंध लगा पाया है यह चुनाव नतीजों से ही साफ होगा।

लंबे समय से बिहार की सत्ता से बाहर चल रही कांग्रेस भी इस बार पूरे दमखम से चुनाव मैदान में होगी। पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस ने राज्य की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उधर वामपंथी संगठन माकपा, भाकपा और माकपा-माले मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इन दलों के बीच अगले सप्ताह सीटों का तालमेल होने की उम्मीद है।

पिछली बार यानी वर्ष 2005 में बिहार विधानसभा के चुनाव चार चरणों में कराए गये थे, जबकि 2000 के विधानसभा चुनाव तीन चरणों में हुए थे। इस बार भी कमोबेश इसी तरह की स्थिति रहने की अटकलें है। पिछले चुनाव में राज्य में पांच करोड़ 27 लाख मतदाता थे जिनके लिए 50 हजार के करीब मतदान केन्द्र बनाये गये थे।

इस साल नवम्बर महीने के शुरुआत में दीवाली और छठ जैसे बडे़ त्यौहार हैं। दीवाली पांच नवम्बर को है और इसके एक सप्ताह बाद छठ पर्व है। बिहार में छठ एक बहुत ही महत्वपूर्ण पर्व है। राजनीतिक दल आम तौर पर चाहेंगे कि दीवाली और छठ से पहले ही चुनाव हो जाएं।

पिछली बार चार चरणों में हुए विधानसभा चुनाव में दो चरण के मतदान दीवाली से पहले और दो चरण के मतदान छठ के बाद हुए थे। अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि विधानसभा चुनाव राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के बाद ही कराये जायें। राजधानी में आयोजित हो रहे राष्ट्रमंडल खेल 14 अक्टूबर को समाप्त होंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें