फोटो गैलरी

Hindi News29 अक्टूबर को विवेक ओबराय की शादी

29 अक्टूबर को विवेक ओबराय की शादी

बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबराय, न्यूयॉर्क से फाइनेंशियल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर लौटी प्रियंका अल्वा से 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में विवाह रचाएंगे। फिल्मों से अब सन्यास ले चुके चरित्र अभिनेता तथा विवेक के...

29 अक्टूबर को विवेक ओबराय की शादी
एजेंसीSun, 22 Aug 2010 05:04 PM
ऐप पर पढ़ें

बॉलीवुड अभिनेता विवेक ओबराय, न्यूयॉर्क से फाइनेंशियल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर लौटी प्रियंका अल्वा से 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में विवाह रचाएंगे।

फिल्मों से अब सन्यास ले चुके चरित्र अभिनेता तथा विवेक के पिता सुरेश ओबेराय ने एक रोजा इफ्तार पार्टी के दौरान संवाददाताओं को बताया कि विवेक की शादी 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगी और इस मौके पर 108 गरीब कन्याओं का विवाह भी सम्पन्न कराएंगे।

उन्होंने कहा कि विवेक की शादी, न्यूयॉर्क से फायनेंशियल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर लौटी प्रियंका अल्वा से हो रही है, जो दिवंगत जीवराज अल्वा की बेटी हैं। उनका कर्नाटक की राजनीति में खासा नाम रहा है और वह राज्य सरकार में मंत्री भी थे।

ओबराय ने कहा कि विवाह के बाद प्रियंका की डिग्री विवेक के काम भी आएगी, क्योंकि विवेक का एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) है और प्रियंका एनजीओ के लिए फंड रेजिंग का काम करती है।
 फिल्मों में अपनी दमदार आवाज और अदाकारी की बदौलत अलग पहचान बनाने वाले सुरेश ओबराय ने विवेक और सलमान खान के बीच विवाद को लेकर पूछने पर कहा कि तर्जुबा हर समस्या को सुलझा देता है और इसी तर्जुबे के बल पर उन्होंने सलमान और अपने बेटे के बीच विवाद को हल कराया है।

उन्होने कहा कि शुरू में दोनों ओर से बयानों की झड़ी लगी हुई थी और यह लोग मीडिया की सुर्खियों में बने हुए थे। मैने सलमान के पिता सलीम खान से बात की और विवेक से कहा, सलीम साहब से मेरे बहुत पुराने ताल्लुकात है, लिहाजा इस विवाद को तुरंत खत्म करो और यही हुआ भी।

बॉलीवुड की 350 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके ओबेराय ने पूछने पर थोड़ी पीड़ा भरे अंदाज में कहा, मुझे कोई अवार्ड नहीं देता। वह कहते हैं कि यह समझ नहीं आया कि आज तक उन्हें कोई अवार्ड क्यों नहीं दिया गया। उन्होने बॉलीवुड के अलावा अंग्रेजी, फ्रेंच, जापानी फिल्मों में काम किया है। उन्होने कहा, बहरहाल मैं फिर भी खुश हूं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें