फोटो गैलरी

Hindi Newsभारतीय मुक्केबाजों को मिलेगा होम एडवांटेज का पंचः विजेंद्र

भारतीय मुक्केबाजों को मिलेगा होम एडवांटेज का पंचः विजेंद्र

भारत के शीर्ष मुक्केबाज और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विजेंद्र सिंह का मानना है कि दिल्ली में अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों को अपने लोगों के बीच खेलने का पूरा फायदा...

भारतीय मुक्केबाजों को मिलेगा होम एडवांटेज का पंचः विजेंद्र
एजेंसीThu, 12 Aug 2010 08:02 PM
ऐप पर पढ़ें

भारत के शीर्ष मुक्केबाज और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता विजेंद्र सिंह का मानना है कि दिल्ली में अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों को अपने लोगों के बीच खेलने का पूरा फायदा मिलेगा।

राष्ट्रमंडल खेलों के ब्रांड अम्बेसडर विजेंद्र ने कहा कि इस बार राष्ट्रमंडल खेल भारत में हो रहे हैं और निश्चित रूप से हमें इसका फायदा मिलेगा। यहां लोग हमारा हौसला और जोश बढ़ाएंगे जिससे हमें बेहतरीन प्रदर्शन करने की ताकत मिलेगी। उन्होंने माना कि अब भारतीय मुक्केबाजी में काफी बदलाव आया है और लोगों का ही नही बल्कि खिलाड़ियों का भी इसके प्रति नजरिया बदला है। उन्होंने कहा कि पहले भारतीय मुक्केबाज ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में केवल खानापूर्ति के लिए हिस्सा लेते थे लेकिन अब स्थितियां बदल गई हैं। अब हर मुक्केबाज में रिंग में उतरते समय जीत का विश्वास होता है।

अपने वर्ग में विश्व के नंबर एक मुक्केबाज विजेंद्र ने राष्ट्रमंडल खेलों में अच्छे प्रदर्शन का विश्वास जताते हुए कहा कि 2002 के मैनचेस्टर राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने तीन पदक जीते थे और 2006 के मेलबोर्न राष्ट्रमंडल में इनकी संख्या पांच हो गई। हमें उम्मीद है कि इस बार हम आठ से नौ पदक जीतने में कामयाब होंगे।

विजेंद्र ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रमंडल मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारत का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था जिससे राष्ट्रमंडल खेलों में भी हमारे पदक जीतने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में हम केवल एक स्वर्ण पदक जीत पाए थे लेकिन यदि हमारे मुक्केबाज अपना हालिया प्रदर्शन आगे भी जारी रखते हैं तो हमारे स्वर्ण पदकों की संख्या पांच तक पहुंच सकती है।

चोट के कारण विजेंद्र राजधानी में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग नहीं ले पाए थे लेकिन अब वह पूरी तरह फिट हैं और राष्ट्रमंडल के लिए की जा रही अपनी तैयारियों से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरह फिट हूं और मेरा लक्ष्य देश के लिए स्वर्ण पदक जीतना है।
 
राजधानी में तीन से 14 अक्टूबर तक 19वें राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन होगा। 1982 के एशियाई खेलों के बाद भारत पहली बार इतना बड़ा खेल टूर्नामेंट आयोजित करने जा रहा है। राष्ट्रमंडल खेलों के ब्रांड एम्बेसडर चुने जाने पर खुशी जाहिर करते हुए विजेंद्र ने कहा कि यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। मुझे विश्वास है कि इन खेलों के आयोजन से भारतीय खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और खेल प्रेमियों को भी उनके पसंदीदा खेलों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।

राष्ट्रमंडल खेलों के लिए मुक्केबाजी टीम का चयन 26 से 28 अगस्त तक पटियाला में होने वाले चयन ट्रायल के बाद किया जाएगा। कोर ग्रुप में शामिल सभी मुक्केबाज इस समय पटियाला में चल रहे प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें