फोटो गैलरी

Hindi Newsछठे सात हजारी भारतीय बने सहवाग

छठे सात हजारी भारतीय बने सहवाग

विस्फोटक ओपनर वीरेन्द्र सहवाग टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन बुधवार को अपनी पारी का 70वां रन बनाने के...

छठे सात हजारी भारतीय बने सहवाग
एजेंसीWed, 04 Aug 2010 05:43 PM
ऐप पर पढ़ें

विस्फोटक ओपनर वीरेन्द्र सहवाग टेस्ट क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट के दूसरे दिन बुधवार को अपनी पारी का 70वां रन बनाने के साथ ही यह उपलब्धि अपने नाम कर ली।

सहवाग से पहले यह उपलब्धि सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, सुनील गावस्कर, वीवीएस लक्ष्मण और सौरभ गांगुली को हासिल थी। सहवाग के इस मैच से पहले 78 टेस्टों में 54.14 के औसत से 6930 रन थे जिनमें 20 शतक और 22 अर्धशतक शामिल थे।

सहवाग का आज का अर्धशतक उनके टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक है। नवंबर 2001 में ब्लोमफोंटेन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने करियर की शुरुआत शतक के साथ करने वाले सहवाग अब दोनों तरह की क्रिकेट में 7000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों के विशिष्ट क्लब में शामिल हो गए हैं।

वीरू ने इसके अलावा 223 वनडे में 34.02 के औसत और 103.13 के स्ट्राइक रेट से 7112 रन बनाए हैं जिनमें 12 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं।

मुलतान के सुल्तान और नजफगढ़ के नवाब जैसे नामों से प्रसिद्ध 31 वर्षीय सहवाग क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में शुमार किए जाते हैं। क्रिकेट इतिहास में डान ब्रैडमैन और ब्रायन लारा के बाद वह तीसरे बल्लेबाज हैं जिनके नाम दो तिहरे शतक बनाने की अद्भुत उपलब्धि दर्ज है। सहवाग ने अपनी इस पारी का 12वां चौका लगाने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट में 1000 चौके भी पूरे कर लिए।

टेस्ट क्रिकेट में इसके अलावा वह 79 छक्के भी लगा चुके हैं और उन्होंने 36 विकेट भी हासिल किए हैं। सहवाग वनडे में 981 चौके मारने के अलावा 118 छक्के भी लगा चुके हैं और एकदिवसीय क्रिकेट में उनके नाम 92 विकेट भी हैं।

क्रिकेट इतिहास में सचिन साढे़ 13 हजार से ज्यादा रन बनाकर चोटी पर हैं। भारतीयों में सचिन के बाद द्रविड़ के 142 टेस्टों में 11483 रन हैं। सुनील गावस्कर 125 टेस्टों में 10122 रन के साथ तीसरे, वीवी एस लक्ष्मण 112 टेस्टों में 7256 रन बनाकर चौथे और सौरभ गांगुली 113 टेस्टों में 7212 रन बनाकर पांचवें स्थान पर हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें