फोटो गैलरी

Hindi Newsभारत-पाक स्थिर संबंधों से दुनिया को होगा फायदाः अमेरिका

भारत-पाक स्थिर संबंधों से दुनिया को होगा फायदाः अमेरिका

भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार शांति वार्ता किए जाने की अनुशंसा करते हुए ओबामा प्रशासन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच स्थिर संबंधों से दुनिया और खास तौर पर अमेरिका को फायदा होगा। अमेरिका ने एक बार...

भारत-पाक स्थिर संबंधों से दुनिया को होगा फायदाः अमेरिका
एजेंसीWed, 28 Jul 2010 09:54 AM
ऐप पर पढ़ें

भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार शांति वार्ता किए जाने की अनुशंसा करते हुए ओबामा प्रशासन ने कहा है कि दोनों देशों के बीच स्थिर संबंधों से दुनिया और खास तौर पर अमेरिका को फायदा होगा।

अमेरिका ने एक बार फिर दोहराया है कि पाकिस्तान को मुम्बई हमलों से जुड़ी भारत की चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पीजे क्राउले ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिर संबंध दोनों देशों के लिए अहम हैं। दोनों के बीच संबंध आगे बढ़ने चाहिए, अगर ये संबंध स्थिर हो जाते हैं, तो अमेरिका समेत पूरी दुनिया को फायदा होगा।

क्राउले ने कहा कि हमारे इन सभी देशों से अहम संबंध हैं। अफगानिस्तान को हमारा सहयोग पाकिस्तान की कीमत पर नहीं है और पाकिस्तान को हमारे समर्थन का मतलब भारत के प्रति नकारात्मक से नहीं है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि ये सभी देश आपस में अच्छे संबंध बनाएं, हम यही करने की कोशिश कर रहे हैं।

अमेरिकी अधिकारी ने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के लिए स्थिर पाकिस्तान खतरा नहीं है और न ही भारत की स्थिरता पाकिस्तान के लिए कोई खतरा है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्राउले ने कहा कि पाकिस्तान को सैन्य सहायता देने के मामले में हमारे पास ऐसा तंत्र है, जो सुनिश्चित करता है कि यह सहायता उन्हीं कार्यों में उपयोग हो, जिसके संबंध में हमारा पाकिस्तान के साथ अनुबंध है।

पाकिस्तान को दी जा रही अमेरिकी सहायता के दुरुपयोग संबंधी एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर हमें पाकिस्तान को दी जा रही अमेरिकी सहायता के बारे में सवाल मिलते हैं, तो हम पाकिस्तान सरकार से सीधे उनके बारे में बात करते हैं। हमने पहले भी ऐसा किया है और हम आगे भी ऐसा करते रहेंगे।

प्रवक्ता ने कहा कि इसलिए पाकिस्तान को उसकी सीमा के भीतर से पैदा हो रहे खतरे से निपटने के लिए दी जा रही सहायता को भारत के लिए खतरे के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुंबई हमलों के जिम्मेदार लोगों को पाकिस्तान कानून के घेरे में लाए, इस बारे में कई चिंताएं हैं, इस संबंध में अमेरिका ने कई बार पाकिस्तान से बात की है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें