समांता तोसूर भी राष्ट्रमंडल खेलों से हटीं
राजधानी में तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने से इनकार करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची में ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार समांता तोसूर का नाम भी जुड़ गया...
राजधानी में तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने से इनकार करने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सूची में ऑस्ट्रेलियाई टेनिस स्टार समांता तोसूर का नाम भी जुड़ गया है।
विश्व की नंबर पांच खिलाड़ी तोसूर को राष्ट्रमंडल खेलों के महिला एकल में स्वर्ण का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन उन्होंने इस सत्र के अंत में होने वाले प्रमुख टूर्नामेंटों में भाग लेने के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल न होने का फैसला किया है।
भारत में टेनिस की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार टेनिस को शामिल किया गया है। भारत की ओर से टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा तथा ग्रैंड स्लेम युगल चैंपियन महेश भूपति और लिएंडर पेस से पदक की उम्मीद होगी।
राष्ट्रमंडल खेलों और प्रतिष्ठित चाइना ओपन की तिथियों में टकराव के कारण आयोजकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसके अलावा राष्ट्रमंडल खेलों की टेनिस स्पर्धा के समापन के अगले दिन 11 अक्टूबर को तोसूर को ओसाका में अपने खिताब का बचाव करने उतरना है।
इस वर्ष सबसे अधिक मैच जीतने वाली महिला खिलाड़ी तोसूर सत्र के अंत में बाली में होने वाली चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई करने के करीब हैं। ऐसे में यदि वह बीजिंग या ओसाका टूर्नामेंटों में भाग नहीं लेती तो उनके लिए परेशानी खड़ी हो सकती है।
सुरक्षा कारणों से पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलिया टेविस कप टीम के भारत दौरे के बायबाट का नेतृत्व करने वाले हेविट ने भी राष्ट्रमंडल खेलों में नहीं खेलने का फैसला किया है। ऐसे में विश्व के नंबर 81 ऑस्ट्रेलिया के पीटर लुजाक को इन खेलों में शीर्ष वरीयता मिल सकती है।
राष्ट्रमंडल समूह में विश्व नंबर चार एंडी मरे और 25वें स्थान पर मौजूद मार्कस बगदातिस ही लुजाक से आगे हैं। अभी तक मिले संकेतों के हिसाब से मरे और बगदातिस के भी राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने की संभावना कम ही है।
इससे पहले तिहरे ओलंपिक स्वर्ण विजेता एथलीट जमैका के यूसेन बोल्ट, शैली एन फ्रेजर, ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट साइकलिस्ट इंग्लैंड के क्रिस होय ने भी राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल न होने का ऐलान किया था।
विश्व की शीर्ष खिलाड़ियों के राष्ट्रमंडल खेलों में अनुपस्थित रहने पर केंद्रीय खेल मंत्री एमएस गिल ने चिंता जताई थी और कहा था कि करोड़ों रुपए खर्च करके स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बनाए जा रहे हैं न कि अधिकारियों के लिए। उन्होंने यह मामला राष्ट्रमंडल खेल महासंघ के प्रमुख माइकल फेनेल के सामने भी उठाया