फोटो गैलरी

Hindi Newsबाभली बैराज पर गतिरोध जारी, नायडू का जमानत से इनकार

बाभली बैराज पर गतिरोध जारी, नायडू का जमानत से इनकार

महाराष्ट्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू तथा पार्टी नेता अपने रुख पर अड़े हुए हैं और दो दिन के न्यायिक रिमांड की अवधि सोमवार को पूरी होने के बाद मामले की ताजा सुनवाई...

बाभली बैराज पर गतिरोध जारी, नायडू का जमानत से इनकार
एजेंसीMon, 19 Jul 2010 08:52 PM
ऐप पर पढ़ें

महाराष्ट्र पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तेदेपा प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू तथा पार्टी नेता अपने रुख पर अड़े हुए हैं और दो दिन के न्यायिक रिमांड की अवधि सोमवार को पूरी होने के बाद मामले की ताजा सुनवाई होने पर उन्होंने जमानत लेने से इनकार कर दिया।

इसके मद्देनजर नांदेड़ के मजिस्ट्रेट ने उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि यह अवधि कब तक बढ़ाई जा रही है। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी। नायडू तथा तेदेपा के 74 नेताओं को 16 जुलाई को महाराष्ट्र पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया था जब उन्होंने गोदावरी नदी पर निर्मित बाभली सिंचाई परियोजना स्थल पर जाने की कोशिश की थी।

उन्हें 17 जुलाई को दो दिन की न्यायिक हिरासत में सौंप दिया गया था और आंध्र प्रदेश सीमा से 12 किमी पहले धर्माबाद में आईटीआई में रखा गया था। तेदेपा नेताओं पर भारतीय दंड संहिता की धारा 135, 143 तथा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

आईटीआई में 30 मिनट से अधिक समय तक मामले की सुनवाई करने वाले मजिस्ट्रेट को नायडू ने बताया हम सम्मानित सदस्य हैं। हम तेलुगू लोग हैं, जिनमें आत्मसम्मान की गहरी भावना होती है। हमें महाराष्ट्र पुलिस ने धोखा दिया और गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार कर लिया और वह भी हमारे अपने क्षेत्र में। यह संविधान का उल्लंघन है।

नायडू ने यह भी स्पष्ट किया कि यह उनके आत्मसम्मान का सवाल है और वह समता नहीं करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि चूंकि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है, इसलिए जमानत लेने का कोई सवाल ही नहीं है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें