फोटो गैलरी

Hindi Newsट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर के चाहने वाले हुए पांच लाख

ट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर के चाहने वाले हुए पांच लाख

पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर, बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ अब ट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के चाहने वालों की संख्या भी पांच लाख के जादुई आंकड़े को...

ट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर के चाहने वाले हुए पांच लाख
एजेंसीSun, 18 Jul 2010 06:54 PM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व विदेश राज्यमंत्री शशि थरूर, बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ अब ट्विटर पर मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के चाहने वालों की संख्या भी पांच लाख के जादुई आंकड़े को पार कर गई है। माइक्रो ब्लागिंग वेबसाइट ट्विटर पर मौजूद भारतीय हस्तियों में ट्विटर मिनिस्टर के नाम से मशहूर थरूर 820319 फॉलोवरों के साथ अभी नंबर एक पर बने हुए हैं जबकि किंग खान शाहरुख 524169 फॉलोवरों के साथ दूसरे पर तथा ट्विटर क्वीन प्रियंका चोपड़ा के 506812 फॉलोवर हैं। ये सभी लोग काफी लंबे समय से ट्विटर पर सक्रिय हैं।

इन भारतीय सितारों के विपरीत लिटिल मास्टर काफी देरी से ट्विटर की पिच पर बैटिंग के लिए उतरे। महान लेग स्पिनर शेन वार्न को दिन में तारे दिखाने वाले तेंदुलकर ने क्रिकेट के मैदान की तरह यहां भी अपनी पारी का आगाज विस्फोटक अंदाज से करके रिकॉर्ड कायम किया। चार मई को रात 11:51 मिनट पर जब ज्यादातर भारतीय सो रहे थे उस समय तेंदुलकर ट्विटर की दुनिया में अवतरित हुए। क्रिकेट में भगवान का दर्जा हासिल कर चुके तेंदुलकर के ट्विटर से जुड़ते ही लोगों में जल्द से जल्द उन्हें फॉलो करने की होड़ मच गई। इस महान बल्लेबाज ने पहले ही दिन 79000 फॉलोवर जोड़कर एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था।

तेंदुलकर जब पिच पर हों और कोई उनसे आगे निकल जाए, ऐसा कम ही देखने को मिलता है। उन्हें मिली इस जबरदस्त लोकप्रियता का मुकाबला कुछ दिन बाद ही ट्विटर पर पधारे बॉलीवुड के महानायक अभिताभ बच्चन भी नहीं कर पाए। अमिताभ को पहले दिन केवल 37500 लोगों ने फॉलो किया। भारतीय क्रिकेट को एक नए मुकाम पर पहुंचाने वाले तेंदुलकर की लोकप्रियता ट्विटर पर भी बड़ी तेजी से बढ़ती जा रही है। तेंदुलकर के इस समय 500770 फॉलोवर हैं जबकि 8906 लोगों ने उन्हें लिस्टेड किया है। ट्विटर पर सक्रिय ज्यादातर हस्तियां जैसे शाहरुख, अभिषेक बच्चन, प्रियंका, डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा, शिल्पा शेट्टी तेंदुलकर को फॉलो करते हैं। वैसे खुद तेंदुलकर मित्र चुनने में बड़े ही सतर्क नजर आते हैं।

वह केवल बिग बी, जहीर, कार्तिकेयन और अतुल कसबेकर को फालो करते हैं। उनकी मित्र मंडली से सहवाग, गंभीर और रैना समेत कई भारतीय क्रिकेट सितारे भी गायब हैं। तेंदुलकर की लोकप्रियता अगर इसी तरह बढ़ती रही तो वह दिन दूर नहीं जब शशि थरूर भी उनसे बहुत पिछड़ जाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें