फोटो गैलरी

Hindi Newsसाइना बनीं वर्ल्ड की नंबर टू शटलर

साइना बनीं वर्ल्ड की नंबर टू शटलर

इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज बैड़ामिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारत की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल विश्व वरीयता क्रम में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। साइना ने 27 जून को...

साइना बनीं वर्ल्ड की नंबर टू शटलर
एजेंसीThu, 15 Jul 2010 05:17 PM
ऐप पर पढ़ें

इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज बैड़ामिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली भारत की सर्वोच्च वरीय महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल विश्व वरीयता क्रम में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

साइना ने 27 जून को जकार्ता में खिताबी जीत हासिल करते हुए न सिर्फ इंडोनेशियन ओपन खिताब अपने पास रखा था बल्कि एक महीने में लगातार तीसरी खिताबी जीत हासिल की थी।

साइना ने जून में भारत में आयोजित इंडियन ओपन ग्रां पी और सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर सुपर सीरीज खिताब जीता था। साइना ने 2009 में इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता था। ऐसा करने वाली वह पहली भारतीय बनीं थीं।

महिला रैंकिंग में चीन की खिलाड़ी यिहान वांग पहले स्थान पर हैं जबकि साइना दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर चीन की जिन वांग हैं, जिन्हें हराकर साइना ने इंडोनेशियन ओपन का खिताब जीता था।

सायना ने कहा कि मैं नंबर दो पोजीशन पर पहुंच तो गई हूं लेकिन रैंकिंग पर बने रहना काफी मुश्किल काम होता है। मगर मुझे उम्मीद है कि मैं अपनी कड़ी मेहनत जारी रखूंगी, ज्यादा टूर्नामेंट जीतूंगी और जल्द ही विश्व की नंबर एक खिलाड़ी बन जाऊंगी।

भारतीय स्टार लगातार तीन खिताब जीतने के बाद पिछले महीने विश्व की नंबर तीन खिलाड़ी बनी थी। इंडोशियन ओपन सुपर सीरीज में उन्होंने अपने खिताब का बखूबी बचाव किया था। सायना से आगे अब चीन की यिहान वांग हैं जबकि उनके बाद चीन की ही जिन वांग हैं।

सायना को पेरिस में अगले महीने होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए नौ सदस्यीय भारतीय टीम का कप्तान भी बनाया गया है। हालांकि बैडमिंटन व्यक्तिगत खेल है लेकिन देश का कप्तान बनना निश्चित रूप से उनके लिए एक बड़े गौरव की बात है। सायना के लिए यह सौभाग्यशाली रहा कि देश की कप्तान बनने के दो दिन बाद ही वह विश्व रैंकिंग में नंबर दो स्थान पर पहुंच गईं।

उनके पिता हरवीर सिंह ने अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ईश्वर बहुत कृपालु है। नंबर दो रैंकिंग हासिल करना एक शानदार उपलब्धि है और मुझे पूरी उम्मीद है कि वह इसी तरह देश को और गौरव प्रदान करती रहेंगी।

सायना इस वर्ष मार्च में प्रतिष्ठित आल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने के बाद विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंची थीं। हालांकि इसके बाद वह फिर छठे स्थान पर फिसल गई थीं। मगर पिछले एक महीने के दौरान सायना ने लगातार कामयाबियां हासिल कीं और छठे से तीसरे तथा तीसरे से अब दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। सायना अगस्त में पहले विश्व चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। उसके बाद अक्टूबर में राष्ट्रमंडल खेलों में और फिर नवंबर में चीन के ग्वांगझू में एशियाई खेलों में हिस्सा लेंगी।

पुरुषों की विश्व रैंकिंग में चेतन आनंद 15वें स्थान के साथ देश के चोटी के खिलाड़ी हैं। पी कश्यप 25वें और अरविंद भट्ट 27वें स्थान पर हैं। ज्वाला गट्टा और वी दीजू की जोड़ी मिश्रित युगल में रैंकिंग में सातवें स्थान पर है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें