फोटो गैलरी

Hindi Newsनोबेल पुरस्कार विजेता एशियाई वैज्ञानिकों का सम्मेलन मुंबई में

नोबेल पुरस्कार विजेता एशियाई वैज्ञानिकों का सम्मेलन मुंबई में

एशियाई मूल के नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिकों का एक सम्मेलन 17 से 22 अगस्त तक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के एशियन साइंस कैंप में होगा, जिसमें देश के अनेक छात्र-छात्राओं को भी वैज्ञानिकों से मिलने...

नोबेल पुरस्कार विजेता एशियाई वैज्ञानिकों का सम्मेलन मुंबई में
एजेंसीMon, 12 Jul 2010 05:07 PM
ऐप पर पढ़ें

एशियाई मूल के नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिकों का एक सम्मेलन 17 से 22 अगस्त तक देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के एशियन साइंस कैंप में होगा, जिसमें देश के अनेक छात्र-छात्राओं को भी वैज्ञानिकों से मिलने का मौका मिलेगा।

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने जर्मनी के लिंडाउ में दुनिया भर के नोबेल पुरस्कार विजेताओं से मिलकर हाल ही में लौटे भारतीय छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि मुंबई में अगले महीने होने वाले इस आयोजन में और भी भारतीय विद्यार्थियों को विज्ञान क्षेत्र के दिग्गजों से मिलने का अवसर मिलेगा।

चव्हाण ने लिंडाउ में 28 जून से दो जुलाई तक दुनिया के 60 से अधिक नोबेल पुरस्कार प्राप्त वैज्ञानिकों से मुलाकात कर लौटे छात्र-छात्राओं के अनुभवों को सुना और उन्हें प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। उन्होंने 20 युवा वैज्ञानिकों के दल की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि विज्ञान जगत के इतने विद्वानों से मिलने के बाद उन्हें इस अवसर का लाभ न केवल विज्ञान के क्षेत्र में अपने भविष्य के लिए बल्कि देश और समाज के लिहाज से भी उठाना चाहिए।

चव्हाण ने कहा कि छात्रों को इस यात्रा से अपने करियर की कठिन यात्रा के लिए प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नोबेल पुरस्कार प्राप्त वैज्ञानिकों से मिली सीख, अनुभवों को न केवल अपने साथी छात्र-छात्राओं को, बल्कि समाज को भी पहुंचाना चाहिए।

उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं जताते हुए कहा कि छात्रों की इस मुलाकात का उद्देश्य न केवल अनेक क्षेत्रों में अनुसंधान करने वाले वैज्ञानिकों से प्रेरणा प्राप्त करना है बल्कि अनेक मुद्दों के वैश्विक नजरिए को समझना भी था।

इस यात्रा को विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, जर्मन रिसर्च फाउंडेशन के साथ मिलकर जर्मनी स्थित लिंडाउ के फाउंडशेन फॉर द मीटिंग ऑफ नोबल लॉरेटस ने प्रायोजित किया था। जिसमें 60 नोबेल पुरस्कार विजेताओं से दुनियाभर के 650 युवा अनुसंधानकर्ताओं और विद्यार्थियों ने मुलाकात की, जिसमें 20 भारत से थे। जर्मनी में होने वाले इस वार्षिक आयोजन में भारतीय विद्यार्थी 10वीं बार शामिल हुए हैं।

इस मौके पर विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव टी़ रामासामी, जैवप्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रो एमके भान आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें