फोटो गैलरी

Hindi Newsफीफा की नाइजीरिया को प्रतिबंध की चेतावनी

फीफा की नाइजीरिया को प्रतिबंध की चेतावनी

अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) ने नाइजीरिया को शुक्रवार को चेतावनी दी कि यदि उसकी सरकार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खेलने को लेकर अपनी राष्ट्रीय टीम पर लगाया गया दो साल का निलंबन वापस नहीं...

फीफा की नाइजीरिया को प्रतिबंध की चेतावनी
एजेंसीFri, 02 Jul 2010 05:17 PM
ऐप पर पढ़ें

अंतरराष्ट्रीय फुटबाल महासंघ (फीफा) ने नाइजीरिया को शुक्रवार को चेतावनी दी कि यदि उसकी सरकार अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में खेलने को लेकर अपनी राष्ट्रीय टीम पर लगाया गया दो साल का निलंबन वापस नहीं लेती है तो फीफा उस पर प्रतिबंध लगा सकता है।

फीफा ने नाइजीरियाई सरकार को राष्ट्रीय फुटबाल टीम पर लगाया निलंबन वापस लेने के लिए सोमवार शाम तक का समय दिया है। दक्षिण अफ्रीका में फुटबाल विश्व कप के पहले ही दौर में बाहर हो जाने के बाद नाइजीरियाई फुटबाल टीम को वहां की सरकार ने दो वर्ष के लिए निलंबित कर दिया था।

फीफा के प्रवक्ता निकोलस मैंगोट ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यदि नाइजीरिया उसकी चेतावनी का पालन करने में असफल रहता है तो उसका सीधा सा मतलब यह होगा कि नाइजीरियाई फुटबाल महासंघ को फीफा से जुड़ी सभी गतिविधियों से प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

मैंगोट ने कहा कि फीफा ने शुक्रवार को नाइजीरियाई फुटबाल महासंघ को एक पत्र भेजा है और कहा है कि नाइजीरियाई सरकार के पास अपने फैसले को वापस लेने के लिए सोमवार शाम छह बजे तक का समय है। उन्होंने कहा कि फीफा से लगा प्रतिबंध राष्ट्रीय टीम के निलंबन से कहीं ज्यादा बड़ा होगा जिसमें वित्तीय मदद को तो रोका ही जाएगा साथ ही कोई रेफरी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा नहीं ले पाएगा।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन ने टीम के विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सुपर ईगल के नाम से मशहूर नाइजीरियाई टीम को अगले दो वर्षों तक के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से निलंबित कर दिया था। नाइजीरिया विश्व कप में एक भी मैच नहीं जीत पाया था और पहले ही दौर में बाहर हो गया था। मैंगोट ने कहा कि फीफा नाइजीरियाई सरकार द्वारा गठित प्रबंधन समिति को मान्यता नहीं देता है लेकिन वह फीफा के कार्यकारी सदस्य को सोमवार को वहां भेजेगा ताकि इस मामले को सुलझाने में मदद मिल सके।
 
फीफा ने तो नाइजीरियाई सरकार के फैसले पर आपत्ति जता दी है लेकिन अधिकतर नाइजीरियाई लोगों का मानना है कि राष्ट्रीय फुटबाल टीम पर लगाया गया दो वर्ष का निलंबन इस टीम के लिए सही सजा है। लागोस में एक सरकारी कर्मचारी बेंजामिन चिदेबेरे ने कहा कि यह अच्छा ही हुआ कि सरकार ने फुटबाल में हस्तक्षेप कर यह कदम उठाया। फुटबाल सभी नाइजीरियाई लोगों को जोड़ता है।

नाइजीरिया के अखबारों ने भी राष्ट्रीय टीम की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि यह अच्छा ही हुआ कि एक थकी हुई टीम को निलंबित कर दिया गया लेकिन सरकार को इससे भी आगे बढ़कर फुटबाल प्रशासन में फैले हुए भ्रष्टाचार को दूर करना चाहिए।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें