टाइम्स स्क्वायर मामला: पाकिस्तान में दो लोग गिरफ्तार
पाकिस्तानी अधिकारियों ने फैजल शहजाद के साथ कथित संपर्कों के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शहजाद को अमेरिका में टाइम्स स्क्वायर कार बम हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पाकिस्तानी...
पाकिस्तानी अधिकारियों ने फैजल शहजाद के साथ कथित संपर्कों के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शहजाद को अमेरिका में टाइम्स स्क्वायर कार बम हमले के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पाकिस्तानी सुरक्षा अधिकारियों ने कम से कम दो लोगों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने और कोई विवरण नहीं दिया। अन्य सूत्रों के अनुसार गिरफ्त में लिए एक व्यक्ति की पहचान तौसीफ अहमद के रूप में हुई है। अहमद ने पिछले सप्ताहों में कई बार शहजाद से संपर्क किया था और एक बार उसके बुलावे पर वह अमेरिका भी गया था।
एक समाचार चैनल ने अपनी रिपोर्ट में अहमद की पत्नी के हवाले से कहा है कि अहमद निर्दोष है और उसे बलि का बकरा बनाया गया है। अहमद की पत्नी ने कहा कि शहजाद मेरे पति का दोस्त था और इसके अलावा मेरे पति ने कुछ नहीं किया है तथा वह किसी गलत गतिविधि में लिप्त नहीं हैं। उन्होंने मेरे पति को बिना किसी कारण पकड़ लिया। पाकिस्तान ने इस असफल हमले की जांच में अमेरिका का सहयोग करने की प्रतिबद्धता जताई है।