फोटो गैलरी

Hindi Newsखेल मंत्रालय ने कतरे कलमाड़ी एंड कंपनी के पर

खेल मंत्रालय ने कतरे कलमाड़ी एंड कंपनी के पर

खेल मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न खेल महासंघों (एनएसएफ) में एक दशक से भी ज्यादा समय से शीर्ष पदों पर काबिज राजनीतिज्ञों, नौकरशाहों और उद्योगपतियों को मौजूदा कार्यकाल के बाद पद छोड़ना...

खेल मंत्रालय ने कतरे कलमाड़ी एंड कंपनी के पर
एजेंसीSun, 02 May 2010 03:15 PM
ऐप पर पढ़ें

खेल मंत्रालय ने कहा कि विभिन्न खेल महासंघों (एनएसएफ) में एक दशक से भी ज्यादा समय से शीर्ष पदों पर काबिज राजनीतिज्ञों, नौकरशाहों और उद्योगपतियों को मौजूदा कार्यकाल के बाद पद छोड़ना होगा।
     
मंत्रालय ने 1975 के नियम में संशोधन किया है जिसके मुताबिक अब भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी और कई राष्ट्रीय खेल महासंघों के अध्यक्ष मौजूदा कार्यकाल खत्म होने के बाद पुन: चुनाव में खड़े नहीं हो सकते। जिसमें वीके मल्होत्रा (तीरंदाजी), सुखदेव सिंह ढींढसा (साइकिलिंग), वीके वर्मा (बैडमिंटन), कैप्टन सतीश के शर्मा (एयरो क्लब) और बीएस आदित्यान (वॉलीबॉल) शामिल हैं।
 
मंत्रालय ने कहा कि उन्होंने संशोधित कार्यकाल नियम को दोबारा लागू करने का फैसला किया है जिसे 2001 में खेल मंत्री उमा भारती ने आईओए सहित राष्ट्रीय खेल महासंघों में पेशेवर प्रबंधन, बेहतर संचालन, पारदर्शिता, जवाबदेही, लोकतांत्रिक चुनाव आदि को बढ़ावा देने के लिए स्थगित कर दिया था।
    
इंदिरा गांधी सरकार ने 1975 में जो प्रस्तावित नियम लागू किया था उसमें अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के कार्यकाल को तय किया गया था जो चार-चार साल के लगातार दो कार्यकाल से ज्यादा नहीं था।
    
संशोधित नियम से आईओए सहित एनएसएफ अध्यक्ष का कार्यकाल ब्रेक सहित और इसके बिना 12 साल तक सीमित हो जाएगा। सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए यह चार-चार साल के लगातार दो कार्यकाल से ज्यादा नहीं होगा।
    
मंत्रालय ने कहा कि सचिव और कोषाध्यक्ष कम से कम चार साल के अंतराल के बाद ही पद के लिए दोबारा चुनाव में खड़े होने के पात्र होंगे। इसके अलावा सभी सदस्यों और पदाधिकारियों की सेवानिवृत्ति की उम्र 70 बरस होगी।

अधिकांश राष्ट्रीय खेल महासंघों में शीर्ष पदों पर राजनीतिज्ञ काबिज हैं जबकि नौकरशाह और उद्योगपति भी कई महासंघों में शीर्ष पदों पर हैं।

कांग्रेस सांसद सुरेश कलमाड़ी 1996 से आईओए अध्यक्ष हैं जबकि भाजपा नेता वीके मल्होत्रा तीन दशक से भी ज्यादा समय से तीरंदाजी संघ के प्रमुख हैं।
   

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें