ध्रुव राठी की बढ़ीं मुश्किलें; दिल्ली की कोर्ट से समन के आदेश, क्या है मामला?
यूट्यूबर ध्रुव राठी की चुनौतियां बढ़ने के संकेत हैं। साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को एक मामले में उनके गुरुग्राम वाले पते पर नया समन भेजने का आदेश दिया है। अदालत ने शिकायतकर्ता को समन तामील कराने वाले कर्मचारी के साथ जाने की अनुमति भी दे दी है।

यूट्यूबर ध्रुव राठी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट ने यूट्यूबर ध्रुव राठी को एक मामले में गुरुग्राम स्थित पते पर नए सिरे से समन भेजने का आदेश दिया है। यह मामला विकास सांकरित्यान उर्फ विकास पांडे की ओर से दायर किया गया है। इतना ही नहीं अदालत ने शिकायतकर्ता को खुद ही समन की तामील कराने की अनुमति भी दे दी है। अब अदालत के नए आदेश के तहत शिकायतकर्ता खुद समन पहुंचाने वाले कर्मचारी के साथ जा सकेंगे। मामले की अगली सुनवाई 17 अक्तूबर को होगी।
गुरुग्राम स्थित पते पर समन
साकेत कोर्ट ने ध्रुव राठी को वर्ष 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में नए सिरे से समन जारी करने का आदेश दिया। अदालत ने शिकायतकर्ता विकास सांकृत्यायन उर्फ विकास पांडे की अर्जी पर सुनवाई करते हुए गुरुग्राम स्थित पते पर समन भेजने का निर्देश दिया। साथ ही शिकायतकर्ता को समन की तामील कराने वाले कर्मचारी के साथ जाने की अनुमति भी दी है, ताकि समन जल्द पहुंचाया जा सके।
17 अक्तूबर को अगली सुनवाई
मामले में पहला समन जुलाई 2019 में जारी हुआ था, लेकिन अब तक ध्रुव राठी को इसकी तामील नहीं हो सकी है। न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल जैन की कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 17 अक्तूबर को तय की है। शिकायतकर्ता के वकील समक्ष शर्मा ने अदालत को बताया कि ध्रुव आमतौर पर ऑस्ट्रिया में रहते हैं, जिसके कारण कई वर्षों से समन की तामील में देरी हो रही है।
कई वर्षों से ध्रुव को समन पहुंचाने की कोशिश
हालांकि, उनके पास जानकारी है कि राठी फिलहाल भारत में हैं और हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-56 स्थित एक आवास पर रह रहे हैं। इसी आधार पर नए पते पर समन जारी करने की मांग की गई थी। अदालत ने आदेश में कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड से पता चलता है कि शिकायतकर्ता कई वर्षों से ध्रुव को समन पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। अदालत ने गुरुग्राम के बताए गए पते पर नया समन जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही समन की प्रक्रिया के लिए दो दिन के भीतर शुल्क जमा करने को कहा। अदालत ने संबंधित कर्मचारी को समन जारी करने की प्रक्रिया रोजाना आगे बढ़ाने का भी निर्देश दिया है।
मई 2018 का है मामला
यह मामला मई 2018 में ध्रुव राठी की ओर से बनाए गए ‘भाजपा आईटी सेल पार्ट-2’ वीडियो से जुड़ा है। शिकायतकर्ता विकास पांडे का आरोप है कि वीडियो में उनके खिलाफ मानहानिकारक बातें कही गई थीं। वीडियो में आरोप लगाया गया था कि भाजपा के आईटी सेल ने शिकायतकर्ता को बदनाम करने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की थी। विकास ‘आई सपोर्ट नरेंद्र मोदी’ नाम से सोशल मीडिया पेज चलाते हैं। वीडियो में उन पर भाजपा आईटी सेल में अहम भूमिका निभाने और महावीर प्रसाद नाम के व्यक्ति को 50 लाख रुपये देने की पेशकश करने का आरोप लगाया गया था, ताकि वह भाजपा आईटी सेल के खिलाफ झूठी खबरें फैलाने के आरोप वापस ले ले। शिकायतकर्ता ने इन आरोपों को मानहानिकारक बताते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
केजरीवाल ने भी साझा किया था वीडियो
ध्रुव के इस वीडियो को दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया था। इसके बाद विकास ने ध्रुव और अरविंद केजरीवाल, दोनों के खिलाफ मानहानि की कार्यवाही शुरू की थी। केजरीवाल ने फरवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट के समक्ष वीडियो साझा करने के लिए माफी मांगी थी। वहीं, ध्रुव के खिलाफ शिकायत पर साकेत कोर्ट में कार्यवाही जारी है।

