दिल्ली से लापता यूट्यूबर आकाश का शव 2 दिन झाड़ियों में पड़ा मिला, हत्या की FIR दर्ज
पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से लापता हुए 28 वर्षीय एक यूट्यूबर आकाश का शव सोमवार को आनंद विहार इलाके के जंगल में झाड़ियों से बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया।

पूर्वी दिल्ली के मंडावली इलाके से लापता हुए 28 वर्षीय एक यूट्यूबर आकाश का शव सोमवार को आनंद विहार इलाके के जंगल में झाड़ियों से बरामद हुआ। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आकाश 7 मार्च से मंडावली स्थित अपने घर से लापता थे। परिजनों ने उसी दिन मंडावली थाने में आकाश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने इस मामले में गंभीरता से कोई कार्रवाई नहीं की।
आनंद विहार इलाके में दिखी था मोबाइल की लास्ट लोकेशन
परिजनों के मुताबिक, पुलिस ने आकाश के मोबाइल की लास्ट लोकेशन आनंद विहार क्षेत्र में बताई थी। इसके बाद परिवार के लोग खुद वहां पहुंचे और काफी देर तक जंगल वाले इलाके में तलाश करने के बाद उन्हें झाड़ियों में आकाश का शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची आनंद विहार थाना पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर मंडावली थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर 4 लाख से ज्यादा फॉलोअर
आकाश मंडावली इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे और कपड़ों का शोरूम चलाते थे। सोशल मीडिया पर उनके चार लाख से ज्यादा फॉलोअर बताए जा रहे हैं। परिवार में माता-पिता, पत्नी और दो साल की बेटी है।
पुलिसकर्मी पर सीडीआर के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप
आकाश के परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच कर रहे एक पुलिसकर्मी ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकलवाने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये भी लिए थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


