यमुना-गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक रोड के लिए 16 गांवों की 740 एकड़ जमीन खरीदेगा यीडा
जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई। अप्रैल तक जमीन खरीद ली जाएगी।

जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए बनने वाले 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू हो गई। अप्रैल तक जमीन खरीद ली जाएगी। यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) ने भूमि खरीद के छह गांवों के किसानों की सूची का प्रकाशन किया। किसानों से 3808 रुपये प्रति वर्गमीटर (एक्सग्रेसिया सहित) और सात प्रतिशत आबादी भूखंड अथवा 4300 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर पर भूमि खरीद होगी।
एसीईओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) गंगा को यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए लिंक एक्सप्रेसवे बनाएगा। लिंक एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे पर 44.3 किलोमीटर यानी बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र से शुरू होगा और यमुना एक्सप्रेसवे के 24.8 किलोमीटर यानी सेक्टर-21 फिल्म सिटी के पास आकर जुड़ेगा। इस लिंक एक्सप्रेसवे का करीब 20 किलोमीटर का हिस्सा यीडा क्षेत्र में है। इसमें से नौ किलोमीटर का हिस्सा एलिवेटेड होगा। इसके लिए 16 गांवों की लगभग 740 एकड़ भूमि खरीदी जानी है।
गांवों में कैंप लगाए जाएंगे
यीडा ने भूमि खरीद की प्रक्रिया को शुरू करते हुए कलूपुरा के 54 खसरा, अमानुल्लापुर उर्फ मारहरा के 30 खसरा, भुन्नातगा के 14 खसरा, रबूपुरा के 15 और म्याना के दो खसरा और कपना के 74 खसरा नंबर की भूमि के लिए किसानों की सूची का प्रकाशन किया है। इनमें 15 दिनों में आपत्ति मांगी गई है। यीडा ने एक माह में लिंक एक्सप्रेसवे के लिए पूरी भूमि खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया है, इसके लिए गांव गांव शिविर लगाए जाएंगे।
नोएडा-ग्रेनो और यमुना एक्सप्रेसवे की तर्ज पर बनेगा
लिंक एक्सप्रेसवे से यमुना सिटी के दस से ज्यादा आवासीय और औद्योगिक सेक्टरों को जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर इकाई, जापानी, कोरियन, फिनटेक और फिल्म सिटी इसी एक्सप्रेसवे के किनारे पर विकसित होगी।
1204 करोड़ मिल चुके
लिंक एक्सप्रेसवे के लिए निर्माण के लिए 740 एकड़ भूमि खरीदी जानी है। इसके लिए विगत माह उत्तर प्रदेश सरकार से 1204 करोड़ रुपये को मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में भूमि खरीद का काम भी शुरू कर दिया गया है। यीडा क्षेत्र में 16 गांव के किसानों से जमीन खरीदी जाएगी। विज्ञापन के जरिये किसानों की सूची का प्रकाशन कर आपत्तियां मांगी जा रही है। एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य यूपीडा ही करेगा।
दिल्ली-मुंबई समेत आगरा तक राह आसान होगी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ने पर गंगा एक्सप्रेसवे की उपयोगिता और बढ़ जाएगी। गंगा के यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर आगरा से ग्रेटर नोएडा तक की राह आसान हो जाएगी। इसके अलावा लिंक एक्सप्रेसवे का यमुना सिटी के औद्योगिक सेक्टर 28, 29, 32, 33 से भी सीधा जुड़ाव होगा। इससे कार्गो के वाहन को एयरपोर्ट तक पहुंचने या इससे जुड़े किसी भी रूट पर पहुंचना आसान हो जाएगा। इसके साथ ही लिंक एक्सप्रेसवे को एनएच 34 से भी जोड़ा जा सकता है, हालांकि अभी इसे लेकर कोई कार्य योजना तैयार नहीं है।
राजेश कुमार, एसीईओ यीडा, ''लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एक महीने के भीतर पूरी भूमि खरीदने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि इसी वर्ष में ही लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू कराया जा सके।''


