यमुना के पानी में बढ़ा अमोनिया, इन इलाकों में रहने वालों को दिक्कत; पांच ट्रीटमेंट प्लांट पर असर
यमुना नदी में अमोनिया (एनएच3) का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण राजधानी के कई इलाकों में जल संकट पैदा हो गया है। उत्तरी और मध्य इलाकों में सोमवार को जल आपूर्ति संकट यमुना में प्रदूषकों और अमोनिया के स्तर में हुए इजाफे की वजह से और बदतर हो गया।

यमुना नदी में अमोनिया (एनएच3) का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण राजधानी के कई इलाकों में जल संकट पैदा हो गया है। उत्तरी और मध्य इलाकों में सोमवार को जल आपूर्ति संकट यमुना में प्रदूषकों और अमोनिया के स्तर में हुए इजाफे की वजह से और बदतर हो गया क्योंकि शहर के नौ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में से पांच से सीमित आपूर्ति हो रही है। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने उस दिन कहा कि वजीराबाद बैराज में अमोनिया का स्तर 5 पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) था, जो शहर में उपचार योग्य सीमा 0.9 पीपीएम से पांच गुना अधिक है।
पानी की कमी से इन इलाकों में दिक्कत
डीजेबी अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण, उत्तर और मध्य दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक पानी की आपूर्ति कम रहेगी। इनमें ग्रेटर कैलाश-I और II, साउथ एक्सटेंशन, मूलचंद, जहांगीरपुरी, कालकाजी, गोविंदपुरी, संगम विहार, मॉडल टाउन, सिविल लाइंस, बवाना, इंद्रलोक, मंगोलपुरी, पीरागढ़ी, राजा गार्डन, हरि नगर, आईजीआई एयरपोर्ट, द्वारका और डिप्लोमैटिक इलाके शामिल हैं। वहीं इस संकट के कारण आप और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
वजीराबाद की आपूर्ति हुई आधी
डीजेबी ने एक बयान में कहा, 'वजीराबाद तालाब में यमुना में हाई प्रदूषक (5 पीपीएम से अधिक अमोनिया) की नियमित प्राप्ति, सीएलसी नहर (मुनक नहर) से वजीराबाद की ओर अधिकतम डायवर्जन और दिल्ली सब-ब्रांच (डीएसबी) में नियमित उतार-चढ़ाव के कारण जल उत्पादन प्रभावित हुआ है। स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है।' रविवार को वजीराबाद वाटर ट्रीटमें प्लांट को पानी की आपूर्ति आधी कर दी गई, जबकि चंद्रावल प्लांट में 10 प्रतिशत कमी की गई है।
रोजाना 1,000 एमजीडी पानी का उत्पादन
दिल्ली के नौ ट्रीटमेंट प्लांट रोजाना कुल मिलाकर लगभग 1,000 एमजीडी (मिलियन गैलन प्रति दिन) पानी की आपूर्ति करते हैं। वर्तमान में लगभग 90 एमजीडी कमी होने का अनुमान है। राजधानी के मध्य, उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में रहने वाले लोगों ने कम दबाव, सीमित आपूर्ति और कुछ मामलों में, दूषित आपूर्ति की शिकायत की है।