काश! मैं उनकी बात मान....'; यमुना एक्सप्रेसवे बस अग्निकांड में पिता को खो चुके बेटे को अपने फैसले पर अफसोस
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में लगी आग ने 9 लोगों को जान ले ली। उन्हीं में से एक थे महोबा के रहने वाले देवेंद्र भारद्वाज, जो अपनी अपनी पत्नी के साथ मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद उनके बेटो को अपने फैसले पर अफसोस हो रहा है।

ब्रिजेश कुमार, ग्रेटर नोएडा
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने की घटना के बाद से एक बुजुर्ग दंपति के बेटे का रो-रो कर बुरा हाल है। हादसे में वह पिता को खो चुके हैं, जबकि मां अस्पताल में भर्ती है। बेटे को इस बात का मलाल है कि ट्रेन से यात्रा कैंसिल कराकर बस का टिकट बुक किया।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के महोबा के रहने वाले सर्वज्ञ हरियाणा के रोहतक में अपना व्यवसाय करते हैं। सर्वज्ञ ने बताया की मां रेखा और पिता देवेंद्र भारद्वाज उनसे मिलने रोहतक आए हुए थे। बुधवार को माता-पिता महोबा जाने के लिए निकले थे। बुजुर्ग माता-पिता को ट्रेन से महोबा जाना था, लेकिन बेटे ने एसी बस में भेजने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक करा दिया। सर्वज्ञ ने बताया कि उन्होंने रात करीब 10:30 बजे मां से बात की। बस उस समय दिल्ली से निकल चुकी थी, लेकिन इसके बाद सुबह 6:00 बजे मां को फोन मिलाया तो फोन बंद था। बस के ड्राइवर को फोन किया, ड्राइवर का फोन भी बंद था। इसके बाद उन्होंने इधर-उधर फोन करना शुरू किया। काफी देर बाद ट्रैवल एजेंसी के टोल फ्री नंबर पर बात करने पर पता चला कि जिस बस में माता-पिता सफर कर रहे थे उसमें आग लग गई है
पुलिस-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई
यह बात सुनकर सर्वज्ञ किसी तरह अपने दोस्त के साथ जेवर के उस अस्पताल पहुंचे, जहां उसकी मां भर्ती है। मां ने कहा कि बेटा तुम्हारे पिता नहीं मिल रहे हैं, उन्हें ढूंढ लाओ। सर्वज्ञ ने बताया कि उन्होंने पुलिस, प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि उनके पिता की मौत हो गई है। सर्वज्ञ ने बताया कि उन्हें इस बात का अफसोस है कि उनके माता-पिता ट्रेन में जाने वाले थे लेकिन उन्होंने उनको परेशानी न हो, इसलिए बस में टिकट बुक करके भेजा था, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि यह सफर पिता का आखिरी सफर होगा।
मुझे दो लाख नहीं, पिता चाहिए
सर्वज्ञ को बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मृतक आश्रित परिवारों को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। यह बात सुनकर उन्होंने कहा कि उन्हें किसी के रुपये की कोई जरूरत नहीं है। दो लाख रुपये की बजाय मैं चार लाख रुपये देने को तैयार हूं, लेकिन मुझे मेरे पिता वापस लौटा दो। सर्वज्ञ ने बताया कि उनकी दादी का निधन हुआ था, उनके पिता अपनी मां को अंतिम विदाई देने के लिए महोबा जा रहे थे।
बुजुर्ग महिला के ऊपर से निकले लोग
महिला रेखा ने बताया कि आग लगने की जानकारी मिलते ही दरवाजे की तरफ चलने लगी। इसी बीच दूसरे यात्रियों ने धक्का देकर नीचे गिरा दिया। यात्री उनके ऊपर से होकर गुजरते रहे। पसलियों में चोट आई है। बस में किसी ने मदद नहीं की। काफी देर बाद वह किसी तरह बस से बाहर निकली और अपनी जान बचाई। उनके बेटे सर्वज्ञ ने बताया कि उनके पिता के पैर में रॉड पड़ी हुई थी। वह सही से चलने में असमर्थ थे। धुएं में उनका दम घुट गया।
व्यवस्था पर उठाए सवाल
सर्वज्ञ ने आरोप लगाया कि बस पर पहले से कई चालान होने के बावजूद उसका संचालन जारी था। ट्रैवल कंपनी की ओर से परिवार को समय पर सही जानकारी नहीं दी गई और उन्हें जरूरी सहयोग भी नहीं मिला। एक तरफ दादी की मौत का दुख और दूसरी तरफ पिता की दर्दनाक मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
अंदर धुआं भरा था, कई बस के अंदर ही रह गए
बस में सवार एक महिला यात्री रिंकी राजपूत ने बताया कि वह घटना के समय सो रही थी। किसी ने उन्हें जगाया और कहा कि बस में आग लग गई है। बस में अफरा-तफरी मच गई थी। सभी एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे। अंदर धुआं भरा था और सबका दम घुट रहा था। कई लोग बस के अंदर ही रह गए थे।
बाहर निकलना आसान नहीं था
बस में सवार एक यात्री विश्वामित्र यादव ने बताया कि जब यह घटना हुई वह सो रहा था। किसी ने जगाकर आग लगने की सूचना दी। हम सब बाहर निकलने के लिए हड़बड़ी में भागे। वहां से निकलना आसान नहीं था।

