वॉट्सएप ग्रुप, QR कोड के जरिए रची गई हिंसा की साजिश; नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा खुलासा

Apr 14, 2026 02:32 pm ISTPraveen Sharma नोएडा, भाषा
share

नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को बताया कि नोएडा में सोमवार को हुए श्रमिकों का प्रदर्शन एक सोची-समझी साजिश थी। इसके लिए कई वॉट्सऐप ग्रुप बनाए गए बल्कि क्यूआर कोड स्कैनर से मजदूरों को इसमें जोड़ा गया था।

वॉट्सएप ग्रुप, QR कोड के जरिए रची गई हिंसा की साजिश; नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का बड़ा खुलासा

नोएडा में श्रमिकों का प्रदर्शन कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई एक सोची-समझी साजिश थी। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मंगलवार को बताया कि इसके लिए न केवल कई वॉट्सऐप ग्रुप बनाए गए बल्कि क्यूआर कोड स्कैनर से मजदूरों को इसमें जोड़ा गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि सोमवार को विभिन्न स्थानों से सामने आई हिंसक प्रदर्शन की घटनाओं के सिलसिले में अब तक 7 एफआईआर दर्ज कर 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस कमिश्नर ने कहा, “पिछले दो दिन में कई वॉट्सऐप समूह बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करके श्रमिकों को जोड़ा जा रहा है। इससे संकेत मिलता है कि इन गतिविधियों के पीछे एक संगठित और सुनियोजित नेटवर्क सक्रिय है।”

और गिरफ्तारी हो सकती हैं

उन्होंने कहा कि अशांति फैलाने में शामिल व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और कार्रवाई जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि भीड़ में शामिल ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। भविष्य में भी गिरफ्तारियां की जाएंगी। उनके फंडिंग की भी जांच की जाएगी। यदि यह पाया जाता है कि उन्हें राज्य या देश के बाहर से आर्थिक सहायता मिली है, तो इस संबंध में भी उचित कार्रवाई की जाएगी।"

फ्लैग मार्च निकाले जा रहे

लक्ष्मी सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह से ही लगातार फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं। सुबह 5:00 बजे से लगातार मार्च निकाले जा रहे हैं। आज सुबह श्रमिक तीन स्थानों पर इकट्ठा हुए, तत्काल संवाद के बाद उन्हें मात्र 15 मिनट के भीतर शांतिपूर्वक तरीके से हटा दिया गया।''

स्थिति को सुलझाने के प्रयासों के संदर्भ में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा बनाई गई हाई पावर कमेटी हितधारकों (श्रमिकों और उद्यमियों) के साथ चर्चा कर रही है।उन्होंने बताया कि सोमवार से नोएडा में मौजूद हाई पावर कमेटी ने सभी हितधारकों के साथ विस्तृत और लंबी बैठकें की हैं तथा कुछ सिफारिशें की हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार श्रमिकों की शिकायतों को समझती है, उनकी स्थिति के प्रति सहानुभूति रखती है और उनके सभी मुद्दों के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

नोएडा में दो स्थानों पर बल प्रयोग किया गया : पुलिस कमिश्नर

पुलिस कमिश्नर ने पत्रकारों से कहा कि नोएडा में सोमवार को श्रमिकों के आंदोलन में मात्र दो स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन होने के कारण बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा, "नोएडा में सोमवार को 83 स्थानों पर लगभग 42 हजार श्रमिक अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे। इसमें मात्र दो स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन होने के कारण बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि बाकी स्थानों पर संयम का परिचय देते हुए बातचीत की गई और बातचीत के बाद कुछ श्रमिक वापस चले गए। लक्ष्मी सिंह ने कहा कि श्रमिकों के जाने के बाद सीमावर्ती जिलों से कुछ लोग समूह में आए और माहौल को उत्तेजित व हिंसक बनाने की कोशिश की। इस समूह में से कुछ लोग हमारी गिरफ्त में आए हैं और कुछ लोगों की सीसीटीवी के जरिए पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।