
दिल्ली में बिछाई जाएंगी 7,000KM नई पाइपलाइन, 24 घंटे पानी सप्लाई पर क्या बोले जल मंत्री?
प्रवेश वर्मा ने सदन को बताया कि ‘उत्तर प्रदेश और हरियाणा से पीने का पानी देने को कहा गया है और बदले में उन्हें सिंचाई के लिए ट्रीटेड पानी दिया जाएगा। इस व्यवस्था से राजधानी में 100 एमजीडी पानी और जुड़ जाएगा।’
दिल्ली सरकार अगले दो से तीन साल के भीतर 7,000KM नई पानी की पाइपलाइन बिछाने की तैयारी में है। जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पांचवें और आखिरी दिन सदन को ये जानकारी दी। वर्मा ने कहा 'दिल्ली सरकार हर घर में पीने का पानी पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। लेकिन आज हम जिस परेशानी का सामना कर रहे हैं, वह पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार की वजह से है। हमने पानी और सीवर सेक्टर में 94 प्रोजेक्ट शुरू किए हैं।'
राज्यों से चल रही बातचीत
जल मंत्री ने बताया कि राज्य में पानी के प्रोडक्शन को बढ़ाने के लिए सरकार पड़ोसी राज्यों से भी बात कर रही है। प्रवेश वर्मा ने सदन को बताया कि ‘उत्तर प्रदेश और हरियाणा से पीने का पानी देने को कहा गया है और बदले में उन्हें सिंचाई के लिए ट्रीटेड पानी दिया जाएगा। इस व्यवस्था से राजधानी में 100 एमजीडी पानी और जुड़ जाएगा। पानी में गंदगी कम करने के लिए टूटी और खराब पाइपलाइन बदलने का काम शुरू हो चुका है। पिछले 11 महीनों में, दिल्ली सरकार ने 7,212 करोड़ रुपये के काम शुरू किए हैं।’
24/7 पानी की सप्लाई
उन्होंने कहा 'मुनक नहर से जल हानि जो अभी लगभग 40 फीसदी है, अगले दो सालों में इसे घटाकर 5 फीसदी तक कर दिया जाएगा। हमने इसके लिए एक प्लान शुरू किया है। इससे दिल्ली के हर घर में 24/7 पानी की सप्लाई के हमारे वादे को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। पानी की सप्लाई बढ़ाने के लिए, दिल्ली सरकार हिमाचल प्रदेश के साथ एक वॉटर शेयरिंग प्रोजेक्ट को भी फिर से शुरू कर रही है।





